मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पहुंचे सोठी आश्रम, बोले- मानवता, सेवा और संवेदना का जीवंत केंद्र है भारतीय कुष्ठ निवारक संघ
जांजगीर-चांपा, 02 जुलाई (हि. स.)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को अपने एक दिवसीय जांजगीर-चांपा प्रवास के दौरान सोठी स्थित भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम का दौरा किया। आश्रम पहुंचने पर संस्था के पदाधिकारियों और आश्रमवासियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने आश्रम प्रमुख सुधीर देव से संस्था की सेवा गतिविधियों, चिकित्सा सुविधाओं और पुनर्वास कार्यों की विस्तृत जानकारी ली तथा वर्षों से किए जा रहे सामाजिक सेवा कार्यों की सराहना की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम केवल एक सेवा संस्थान नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और समर्पण का जीवंत केंद्र है। उन्होंने कहा कि यहां वर्षों से समाज के उपेक्षित और जरूरतमंद लोगों की गरिमा के साथ सेवा की जा रही है, जो भारतीय संस्कृति के 'नर सेवा ही नारायण सेवा' के आदर्श को साकार करती है। उन्होंने कहा कि ऐसे संस्थान समाज में सेवा, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का प्रेरणादायक कार्य कर रहे हैं।
आश्रम प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने परिसर स्थित भगवान श्री सिद्धि विनायक मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने संस्था के संस्थापक स्वर्गीय सदाशिव गोविंद कात्रे के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सेवा कार्यों को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने आश्रम के लिए उपलब्ध कराई गई नई एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि यह एंबुलेंस आश्रमवासियों और जरूरतमंद मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर का भ्रमण कर सेवा, स्वास्थ्य और पुनर्वास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने आश्रमवासियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें उपहार भी भेंट किए। इस दौरान उन्होंने गौशाला में गौमाता की पूजा कर हरा चारा अर्पित किया तथा गौसेवा का संदेश दिया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर स्थित संत गुरु घासीदास चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की ओपीडी, पैथोलॉजी लैब, बिलिंग कक्ष, एक्स-रे कक्ष, आईसीयू और ऑपरेशन थियेटर सहित विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सालय में उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने धनवंतरी जनकल्याण समिति सोसायटी, रायपुर द्वारा संचालित निःशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग इनिशिएटिव वाहन का भी अवलोकन किया। उन्होंने कैंसर जांच सेवाओं की जानकारी लेते हुए कहा कि समय पर जांच और उपचार गंभीर बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने इस पहल को जनस्वास्थ्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
उल्लेखनीय है कि सोठी स्थित भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम की स्थापना वर्ष 1962 में स्वर्गीय सदाशिव गोविंद कात्रे ने की थी। यह संस्था पिछले छह दशकों से कुष्ठ रोगियों के उपचार, पुनर्वास और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संस्था द्वारा मरीजों को निःशुल्क उपचार, आवास, भोजन, वस्त्र और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ स्वरोजगार एवं कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने का भी प्रयास किया जाता है।
आश्रम में आधुनिक कैंसर डायग्नोस्टिक एंबुलेंस के माध्यम से सर्वाइकल और ब्रेस्ट कैंसर की निःशुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध है। वहीं संत गुरु घासीदास चिकित्सालय में कम शुल्क पर ओपीडी, आधुनिक पैथोलॉजी लैब, एक्स-रे, ईसीजी सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं संचालित की जा रही हैं। संस्था गौसंवर्धन, जैविक खेती, पर्यावरण संरक्षण, गोबर गैस, जैविक खाद निर्माण और ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर जैसे कई जनहितकारी कार्य भी लगातार संचालित कर रही है।
इस अवसर पर कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े, विधायक किरण सिंह देव, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मिरी, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, आश्रम के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

