मुख्यमंत्री ने पूरी तरह से ढहे मकान के 10 बाढ़ पीड़ितों को 13 लाख के चेक प्रदान किए

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने पूरी तरह से ढहे मकान के 10 बाढ़ पीड़ितों को 13 लाख के चेक प्रदान किए


जगदलपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जगदलपुर स्थित पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार में संचालित बाढ़ राहत शिविर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में ठहरे प्रभावित परिवारों से बेहद आत्मीयता से भेंटकर उनका कुशलक्षेम जाना और मौके पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

उन्होंने आपदा प्रबंधन में तत्परता के साथ पहल करने के लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों और आपदा प्रबंधन दलों की सराहना की। इस संकट के बीच संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मुख्यमंत्री ने उन 10 बाढ़ पीड़ितों को 13 लाख रुपये की तात्कालिक सहायता राशि के चेक प्रदान किए, जिनके मकान इस आपदा में पूरी तरह ढह गए थे। उन्होंने पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी दृढ़ता से उनके साथ खड़ी है।

वर्तमान में इस शिविर में 795 प्रभावित रह रहे हैं, जिनके लिए भोजन, शुद्ध पेयजल, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और जरूरी दवाओं की आपूर्ति की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश उपस्थित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावितों के मकान, मवेशी और अन्य नुकसान का त्वरित सर्वे कराकर हरसंभव सहायता पहुंचाई जाएगी।

शासन की सहायता के साथ ही समाज के विभिन्न वर्गों और सामाजिक संस्थाओं ने भी राहत कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई है। पीड़ितों की मदद के लिए रोटरी क्लब ने बेडशीट व टॉर्च, जैन समाज ने बर्तन व कम्बल और चैम्बर ऑफ कॉमर्स ने दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई। इसके साथ ही ओसवाल जैन समाज द्वारा साड़ी व गमछा, पंजाब सनातन धर्म सभा की ओर से बाल्टी तथा गुजराती समाज की ओर से कम्बल प्रदान किए गए, जबकि समाजसेवी सुश्री अनीता राज ने 15 हजार रुपये का चेक सौंपकर सहयोग दिया। मुख्यमंत्री ने इस आपदा के समय मानवीय संवेदनाओं के साथ आगे आने वाले सभी दानदाताओं, स्वयंसेवकों और सामाजिक संगठनों के सेवा कार्यों की खुले दिल से प्रशंसा की।

इस अवसर पर महापौर संजय पाण्डे, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी बीएन मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story