मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत जिले के 14 श्रद्धालु करेंगे अमृतसर, स्वर्ण मंदिर और वैष्णोमाता मंदिर के दर्शन

WhatsApp Channel Join Now

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 29 अक्टूबर (हि. स.)। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत जिले के 14 श्रद्धालुओं को आगामी तीर्थ यात्रा पर भेजा जाएगा। यात्रा 10 से 15 नवंबर 2026 तक निर्धारित है। इसमें अमृतसर, स्वर्ण मंदिर, वैष्णोमाता मंदिर और वाघा बॉर्डर के दर्शन शामिल हैं। यात्रा रायपुर रेलवे स्टेशन से प्रारंभ होगी। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने संबंधित जनपद पंचायतों और नगरीय निकायों को पात्र यात्रियों की सूची तैयार कर निर्धारित समय-सीमा में भेजने के निर्देश दिए हैं।

उपसंचालक समाज कल्याण विभाग विनय तिवारी ने बताया कि जिले के लिए कुल 15 का लक्ष्य निर्धारित है, जिसमें 14 यात्री और एक अनुरक्षक शामिल हैं। जनपद पंचायत बरमकेला से चार, सारंगढ़ से चार और बिलाईगढ़ से तीन यात्रियों का लक्ष्य है। नगरीय निकायों—नगर पालिका सारंगढ़ तथा नगर पंचायत सरिया, बरमकेला, बिलाईगढ़, भटगांव, सरसींवा और पवनी—के लिए कुल तीन यात्रियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यात्रा नोडल के रूप में जिला कार्यालय से एक अनुरक्षक साथ रहेगा।

निर्देशानुसार जनपद पंचायतों और नगरीय निकायों को वरिष्ठ नागरिकों, विधवा एवं परित्यक्ता महिलाओं सहित पात्र आवेदकों की पहचान कर उनका सत्यापन करना है। सूची निर्धारित प्रारूप में हार्ड कॉपी और सॉफ्ट कॉपी के रूप में 2 नवंबर 2026 तक कार्यालय सहायक संचालक, समाज कल्याण विभाग, जिला सारंगढ़–बिलाईगढ़ को उपलब्ध करानी होगी, ताकि जिला स्तरीय समिति से अनुमोदन की कार्रवाई की जा सके। निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होने पर यात्रियों का चयन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।

योजना के अंतर्गत 75 प्रतिशत हितग्राही ग्रामीण क्षेत्र और 25 प्रतिशत शहरी क्षेत्र से होंगे। इनमें 80 प्रतिशत हितग्राही बीपीएल, अंत्योदय एवं मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना के कार्डधारी होंगे, जबकि 20 प्रतिशत गरीबी रेखा से ऊपर के शहरी नागरिकों को शामिल किया जाएगा। यात्रा में कुछ दूरी पैदल चलना पड़ सकता है और तीर्थस्थलों पर ठंड की संभावना रहेगी। इसलिए चयन के समय आवेदकों की पैदल चलने की क्षमता तथा स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाएगा। यात्रियों के लिए चिकित्सक से स्वास्थ्य प्रमाणित कराना अनिवार्य होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769065 Articles

Share this story