बलरामपुर : मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायत पर बिजली समस्या का त्वरित समाधान, गांव में बहाल हुई निर्बाध आपूर्ति
बलरामपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण का एक और उदाहरण सामने आया। विद्युत आपूर्ति बाधित होने की शिकायत मिलने के बाद बिजली विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान किया, जिससे ग्रामीणों को राहत मिली।
जानकारी के अनुसार, मंदीप गुप्ता ने गांव में बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज कराई थी। शिकायत प्राप्त होते ही विद्युत विभाग ने तत्परता दिखाते हुए तकनीकी टीम को मौके पर भेजा। अधिकारियों और कर्मचारियों ने विद्युत लाइन का परीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य किया, जिसके बाद गांव में बिजली आपूर्ति सामान्य रूप से बहाल कर दी गई।
बिजली आपूर्ति शुरू होने से ग्रामीणों को काफी राहत मिली और दैनिक कार्यों में आ रही परेशानी दूर हो गई। विभाग की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना भी की।
जिला प्रशासन के अनुसार कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों को शीघ्र राहत मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

