नीट सफल विद्यार्थियों से बोले मुख्यमंत्री साय— शिक्षा ही विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत

WhatsApp Channel Join Now
नीट सफल विद्यार्थियों से बोले मुख्यमंत्री साय— शिक्षा ही विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत


नीट सफल विद्यार्थियों से बोले मुख्यमंत्री साय— शिक्षा ही विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत


रायपुर, 2 अगस्त (हि. स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि, शिक्षा ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है और आज के विद्यार्थी ही कल के राष्ट्र निर्माता हैं। उन्होंने प्रयास आवासीय विद्यालयों के नीट-2026 में सफल विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें केवल सफल डॉक्टर ही नहीं, बल्कि संवेदनशील और समाजसेवी चिकित्सक बनने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री निवास में रविवार को आयोजित विशेष कार्यक्रम में उन्होंने विद्यार्थियों के प्रश्नों का जवाब देते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पर्यटन, खेल, सुशासन और विकसित छत्तीसगढ़ के विजन पर विस्तार से अपने विचार साझा किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि, प्रयास आवासीय विद्यालयों ने गरीब, आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर दिया है। उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता का श्रेय उनकी मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन को देते हुए सभी को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि, प्रदेश में 17 प्रयास विद्यालय संचालित हैं, जिनका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि, राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार निवेश कर रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नालंदा परिसर विकसित किए जा रहे हैं, जबकि मेडिकल शिक्षा के विस्तार के लिए नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि संसाधनों की कमी किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी के सपनों में बाधा नहीं बनने दी जाएगी।

संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और संस्कारित युवा ही विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री के 'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत' अभियान का उल्लेख करते हुए युवाओं से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की।

विद्यार्थियों के विभिन्न प्रश्नों के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि, नक्सलवाद समाप्त होने के बाद बस्तर और सरगुजा में पर्यटन, उद्योग और रोजगार की नई संभावनाएं तेजी से विकसित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और तकनीक आधारित सुशासन को प्राथमिकता देते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में नीट-2026 में सफल विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से आत्मीय संवाद किया और भविष्य को लेकर अपने प्रश्न पूछे। मुख्यमंत्री ने उन्हें मेहनत, अनुशासन और सेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Share this story