मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आठ जनवरी को धमतरी में, स्वामित्व कार्ड का करेंगे वितरण

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आठ जनवरी को धमतरी में, स्वामित्व कार्ड का करेंगे वितरण


धमतरी, 7 जनवरी (हि.स.)।शहर के एकलव्य खेल परिसर में आठ जनवरी को स्वामित्व कार्ड (आबादी के अधिकार अभिलेख) वितरण एवं हितग्राही सम्मान कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होंगे। इसको लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां चल रही है। डा शोभाराम देवांगन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धमतरी के एकलव्य खेल परिसर में आठ जनवरी को स्वामित्व कार्ड वितरण एवं हितग्राही सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया है। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी, कांकेर सांसद भोजराज नाग, कुरूद विधायक अजय चंद्राकर, धमतरी ओंकार साहू, सिहावा विधायक अंबिका मरकाम, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू राम निषाद एवं जिला पंचायत अध्यक्ष कांति सोनवानी शामिल होंगे।

इस कार्यक्रम को लेकर एकलव्य परिसर में सभी विभाग द्वारा स्टाल लगाए जा रहे। जिसमें सुशासन का एक साल, छत्तीसगढ़ हुआ खुशहाल के तहत सभी विभागों द्वारा एक साल में किए कार्यों को बताया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जिलेवासियों को कुल दो अरब 68 करोड़ 30 लाख 99 हजार रुपये के 78 विकास कार्यों की सौगात देंगे। जिसमें दो अरब 49 करोड़ 62 लाख 33 हजार रुपये के 63 कार्यों का शिलान्यास और 18 करोड़ 68 लाख 66 हजार रुपये के 15 कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही जिले के ग्रामीण आबादी भूमि में निवासरत हितग्राहियों को मालिकाना हक प्रदाय करने के उद्देश्य से स्वामित्व कार्ड का वितरण करेंगे। जिला और पुलिस प्रशासन मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर अलर्ट हो गए है। सुरक्षा की दृष्टि से सभी ओर बैरिकेड लगाए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story