मां अंगारमोती मंदिर परिसर में चला स्वच्छता अभियान

WhatsApp Channel Join Now
मां अंगारमोती मंदिर परिसर में चला स्वच्छता अभियान


स्वच्छता ही सेवा और सेवा संकल्प अभियान के तहत अधिकारियों-कर्मचारियों ने की साफ-सफाई

धमतरी, 16 अक्टूबर (हि.स.)। स्वच्छता ही सेवा एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को गंगरेल स्थित आदिशक्ति मां अंगारमोती मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। नवरात्रि के दौरान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए परिसर को स्वच्छ रखने और लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यह पहल की गई।

अभियान में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों, वन विभाग की टीम, डिफेंस एकेडमी, पीजी कॉलेज के एनसीसी कैडेट, ग्राम पंचायत गंगरेल के जनप्रतिनिधियों, स्थानीय दुकानदारों और मां अंगारमोती ट्रस्ट के सदस्यों ने भाग लिया। सभी ने मिलकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सफाई की तथा धार्मिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया।

इस अवसर पर कलेक्टर अविनाश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा, स्वच्छ भारत मिशन के रविंद्र वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम पंचायत के पदाधिकारी और स्थानीय दुकानदार मौजूद रहे। मां अंगारमोती ट्रस्ट के अध्यक्ष जीवराखन लाल मरई सहित देवानंद नेताम, मानसिंह मरकाम, घनश्याम नेताम, रामेश्वर मरकाम, राजेंद्र पडोटी, तिजेंद्र कुंजाम, नरेंद्र नेताम, हरि नेताम, रोशन मरकाम और सोहन कुंजाम ने भी अभियान में सहभागिता निभाई। अभियान के माध्यम से लोगों से धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762210 Articles

Share this story