फ्लोरेंस कॉलेज ऑफ नर्सिंग में स्वच्छता अभियान, विद्यार्थियों ने लिया स्वच्छ परिसर का संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
फ्लोरेंस कॉलेज ऑफ नर्सिंग में स्वच्छता अभियान, विद्यार्थियों ने लिया स्वच्छ परिसर का संकल्प


धमतरी, 27 अक्टूबर (हि.स.)। भारत सरकार के विशेष अभियान-6 के तहत मंगलवार, 27 अक्टूबर को धमतरी स्थित फ्लोरेंस कॉलेज ऑफ नर्सिंग एवं रिलायंस इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग में एक दिवसीय ‘कायाकल्प गतिविधियां (स्वच्छता एवं साफ-सफाई)’ अभियान का आयोजन किया गया।

इसका उद्देश्य नर्सिंग संस्थानों में स्वच्छता के उच्च मानक स्थापित करने, संक्रमण नियंत्रण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा परिसर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे संस्थान के प्राचार्य वीके डेविड के नेतृत्व में शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों और नर्सिंग छात्र-छात्राओं द्वारा स्वच्छता शपथ लेकर की गई। इस दौरान सभी ने परिसर को स्वच्छ रखने, साफ-सफाई की आदतों को अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। अभियान के तहत कॉलेज परिसर को विभिन्न क्षेत्रों में विभाजित कर व्यापक सफाई अभियान चलाया गया।

नर्सिंग प्रयोगशालाओं और पुस्तकालय की गहन सफाई के साथ आवश्यक स्थानों पर सैनिटाइजेशन किया गया। कार्यालयों में पुराने एवं अनुपयोगी अभिलेखों को व्यवस्थित करने, रिकॉर्ड का उचित रखरखाव करने और कार्यस्थलों को सुव्यवस्थित बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया गया। स्वास्थ्य सेवाओं में स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण के महत्व को देखते हुए विद्यार्थियों को बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन के नियमों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि चिकित्सा संबंधी अपशिष्ट का उचित वर्गीकरण, सुरक्षित निस्तारण और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन मरीजों, स्वास्थ्यकर्मियों तथा आम नागरिकों को संक्रमण से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए परिसर को प्लास्टिक मुक्त रखने तथा बगीचे में पौधरोपण करने जैसी गतिविधियों पर भी जोर दिया गया। प्राचार्य वीके डेविड ने स्वच्छता को संस्थान की नियमित कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम में संजय लाल सहित कॉलेज स्टाफ के सदस्य यशिका, गौरव, पूजा, आशीष, मीनाक्षी, टिकेश्वरी, अमृत, कीर्ति, कुमुदनी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767477 Articles

Share this story