सारंगढ़-बिलाईगढ़: बड़े नवापारा में स्वच्छता जागरूकता अभियान

WhatsApp Channel Join Now
सारंगढ़-बिलाईगढ़: बड़े नवापारा में स्वच्छता जागरूकता अभियान


जांजगीर चांपा/सारंगढ़-बिलाईगढ़, 13 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ शासन की स्वच्छता परिकल्पना को साकार करने और गांवों को स्वच्छ एवं कचरा मुक्त बनाने के उद्देश्य से बरमकेला विकासखंड के ग्राम पंचायत बड़े नवापारा में शुक्रवार को स्वच्छता जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों को स्वच्छता, खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) स्थिति के स्थायित्व और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी ने स्वच्छाग्रहियों का चयन कर घर-घर कचरा संग्रहण के लिए गार्बेज रिक्शा प्रदान किया। इससे गांव में नियमित कचरा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही स्वच्छाग्रहियों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता और कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।

इस दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इसके बाद गांव में जनजागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ गांव का निर्माण तभी संभव है, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाए।

कार्यक्रम में ग्रामीणों को घरेलू और सामुदायिक स्तर पर निकलने वाले कचरे को स्रोत पर ही चार श्रेणियों में अलग-अलग रखने, नियमित संग्रहण और उचित प्रसंस्करण की जानकारी दी गई। ग्रामीणों से घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था में सहयोग करने तथा निर्धारित श्रेणियों के अनुसार कचरे का पृथक्करण करने की अपील की गई।

इस अवसर पर जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजू पटेल, जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) निमिष कुमार साव, ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव, शिक्षकगण, स्वच्छाग्रही समूह के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776518 Articles

Share this story