स्वच्छता और विकास कार्यों में लाएं तेजी : अरुण कुमार वर्मा
आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने शहर की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
धमतरी, 23 जुलाई (हि.स.)। नगर पालिक निगम धमतरी के आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने गुरूवार को शहर की विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं और निगम द्वारा संचालित व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता, समयबद्धता और बेहतर नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत बागतराई डंप यार्ड से हुई, जहां उन्होंने कचरा प्रबंधन व्यवस्था का अवलोकन करते हुए स्वच्छता दीदियों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
उन्होंने लंबे समय से जमा कचरे का वैज्ञानिक एवं त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद दानीटोला वार्ड स्थित एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) सेंटर का निरीक्षण कर पानी सहित सभी मूलभूत सुविधाओं को शीघ्र दुरुस्त करने तथा पशुओं की देखभाल के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने को कहा। दानीटोला एवं विंध्यवासिनी वार्ड में निर्माणाधीन एएचपी आवासीय भवनों का निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों से विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। विंध्यवासिनी वार्ड स्थित एसएलआरएम सेंटर में स्वच्छता दीदियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए, ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था और अधिक प्रभावी बन सके।
निरीक्षण के अंतिम चरण में सिटी गार्डन पहुंचकर साफ-सफाई, हरियाली और रखरखाव का जायजा लिया तथा नियमित सफाई, झाड़ियों की कटाई-छंटाई और उद्यान को सुरक्षित एवं आकर्षक बनाए रखने के निर्देश दिए। आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने कहा कि नगर निगम की सभी योजनाओं और परियोजनाओं का नियमित निरीक्षण किया जाएगा तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ शासन की मंशा के अनुरूप विकास एवं स्वच्छता संबंधी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

