कोरबा में सफाई व्यवस्था को लेकर आयुक्त ने ठेकेदरों को दिया त्वरित निराकरण का आश्वासन

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा में सफाई व्यवस्था को लेकर आयुक्त ने ठेकेदरों को दिया त्वरित निराकरण का आश्वासन


कोरबा, 19 नवंबर (हि. स.)। नगर पालिक निगम कोरबा की सफाई व्यवस्था और साफ-सफाई कार्यों को लेकर गुरुवार को सफाई ठेकेदारों ने निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय से मुलाकात की। इस दौरान सफाई कार्यों से जुड़ी समस्याओं, भुगतान और निगम की प्रस्तावित एकीकृत सफाई व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। आयुक्त ने ठेकेदारों की शंकाओं का समाधान करते हुए उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया।

नगर निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत स्थित आयुक्त कक्ष में हुई इस मुलाकात में सफाई ठेकेदार रामू पाण्डेय, राजू जायसवाल, वरुण गोस्वामी और विजय यादव शामिल हुए। ठेकेदारों ने अपनी समस्याएं रखते हुए सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के संबंध में भी चर्चा की।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने बताया कि कोरबा में एकीकृत सफाई व्यवस्था लागू करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। शासन से अनुमति मिलने के बाद ही इस व्यवस्था पर अमल किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई ठेकेदारों की समस्याओं को लेकर निगम गंभीर है और उनका त्वरित निराकरण किया जाएगा।

आयुक्त ने बताया कि बालको जोन को छोड़कर लगभग सभी जोन के सफाई कार्यों के बिलों का भुगतान किया जा चुका है। बालको जोन के बिल भुगतान में देरी को देखते हुए उन्होंने संबंधित जोन कमिश्नर को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर बिल प्रस्तुत कराने के निर्देश दिए, ताकि भुगतान शीघ्र किया जा सके।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निगम की नई व्यवस्था के तहत अब जोन कमिश्नर द्वारा सत्यापन किए जाने के बाद ही सफाई कार्यों के बिलों का भुगतान किया जाएगा। वहीं, सफाई ठेकेदारों ने निगम की सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780025 Articles

Share this story