नगर सेना की टीम ने उपचार के लिए बीमार ग्रामीणों को सुरक्षित नदी पार कराया

WhatsApp Channel Join Now
नगर सेना की टीम ने उपचार के लिए बीमार ग्रामीणों को सुरक्षित नदी पार कराया


बीजापुर, 24 अगस्त (हि.स.)। जिले में लगातार जारी बारिश के चलते नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हो रहा है। ऐसी विषम परिस्थितियों में जिला प्रशासन एवं राहत-बचाव दल तहसील बीजापुर अंतर्गत ग्राम चिन्नाकवाली के पास स्थित चिंतावागु नदी में नगर सेना की टीम ने साेमवार काे बोट के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपचार के लिए बीमार ग्रामीणों को सुरक्षित नदी पार कराया।

चिंतावागु नदी में पानी का बहाव बढ़ने के कारण ग्रामीणों के लिए नदी पार करना चुनौतीपूर्ण हो गया था। ऐसे समय में नगर सेना की टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और बोट के जरिए ग्रामीणों को नदी के दूसरे छोर तक सुरक्षित पहुंचाने का कार्य किया। टीम द्वारा विशेष रूप से अस्वस्थ व्यक्तियों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें सुरक्षित तरीके से नदी पार कराया गया, ताकि आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपचार तक उनकी पहुंच बनी रहे। ग्रामीणों ने संकट की स्थिति में सहायता उपलब्ध कराने के लिए नगर सेना के जवानों के प्रति आभार व्यक्त किया। बारिश के मौसम में नदी-नालों का जलस्तर बढने से जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित होता है। ऐसे समय में जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव दलों को सक्रिय रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में ग्रामीणों को त्वरित सहायता मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story