2.14 करोड़ से बदलेगी शहर की बिजली व्यवस्था

WhatsApp Channel Join Now
2.14 करोड़ से बदलेगी शहर की बिजली व्यवस्था


2.14 करोड़ से बदलेगी शहर की बिजली व्यवस्था


नगर निगम धमतरी के 40 वार्डों में विद्युत सुधार कार्य प्रारंभ, गोकुलपुर में हुआ भूमि पूजन

धमतरी, 02 मार्च (हि.स.)। प्रदेश की महत्त्वाकांक्षी मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के तहत धमतरी शहर में दो करोड़ 14 लाख रुपये के विद्युत सुधार कार्यों की शुरुआत हो गई है। योजना के अंतर्गत नगर निगम धमतरी क्षेत्र के सभी 40 वार्डों में विद्युत पोल स्थापना, पोल शिफ्टिंग और जर्जर केबल बदलने का कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।

इसी कड़ी में सोमवार को गोकुलपुर वार्ड, भटगांव रोड स्थित संदीप डेयरी के पास नए विद्युत पोल स्थापना कार्य का विधिवत भूमि पूजन महापौर रामू रोहरा द्वारा किया गया। भूमि पूजन कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और क्षेत्रवासियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

महापौर रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने बताया कि गोकुलपुर वार्ड सहित कई इलाकों में लंबे समय से विद्युत पोल लगाने, पोल शिफ्टिंग और क्षतिग्रस्त केबल बदलने की मांग की जा रही थी, जिसे अब योजना के माध्यम से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मजबूत और व्यवस्थित विद्युत अधोसंरचना से न केवल निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी। शहर के सभी वार्डों में आवश्यकतानुसार कार्य कर विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित और सुदृढ़ बनाया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि 40 वार्डों के पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में विद्युत सुधार कार्यों के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत किए थे। उन्हीं प्रस्तावों के आधार पर शासन स्तर से स्वीकृति मिलने के बाद यह कार्य प्रारंभ हुआ है। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि विद्युत व्यवस्था में सुधार से क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान होगा और शहर के विकास को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम में सभापति कौशिल्या देवांगन, कार्यपालन अभियंता एपी सोनी, सहायक अभियंता भारत सिन्हा (धमतरी शहर), सहायक अभियंता रूपेश जोशी (प्रोजेक्ट), कनिष्ठ अभियंता शेषनारायण देवांगन, वार्ड पार्षद गजेंद्र कंवर, संतोष सोनकर, संजय देवांगन, संबंधित ठेकेदार, जनप्रतिनिधि, नगर निगम अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story