सिटी ग्राउंड का नाम होगा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिटी ग्राउंड, शहर में स्थापित हाेगी प्रतिमा

WhatsApp Channel Join Now
सिटी ग्राउंड का नाम होगा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिटी ग्राउंड, शहर में स्थापित हाेगी प्रतिमा


जगदलपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। नगर निगम कार्यालय में आज साेमवर काे आयोजित मेयर-इन-काउंसिल की बैठक में शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया जिला फुटबॉल संघ ने महापौर को पत्र लिखकर सिटी ग्राउंड के नाम डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम किए जाने की मांग पर चर्चा उपरांत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर नगर निगम महापौर परिषद ने नगर के सिटी ग्राउंड का नाम बदलकर “डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिटी ग्राउंड” करने का सर्वसम्मत प्रस्ताव पारित किया।

महापौर संजय पाण्डेय ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उनके आदर्श आज भी राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणास्रोत हैं। नगर के प्रमुख खेल मैदान का उनके नाम पर नामकरण करना उनके राष्ट्र के प्रति अतुलनीय योगदान को सच्ची श्रद्धांजलि है। यह निर्णय आने वाली पीढ़ियों को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रप्रेम, त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करेगा। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष राणा घोष एवं सचिव दिलीप दास का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने भी सिटी ग्राउंड का नाम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के नाम पर किए जाने की सार्थक एवं राष्ट्रहित में पहल की थी।

वहीं प्रदेश के जिला एवं संभागीय मुख्यालयों में महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित किए जाने के राज्य शासन के निर्णय का स्वागत करते हुए समस्त एमआईसी सदस्यों एवं पार्षदों ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त एवं धन्यवाद किया। बैठक में बस स्टैंड टर्मिनल भवन के प्रतीक्षालय में यात्रियों की सुविधा के लिए एलईडी टीवी एवं एंड्रॉयड स्क्रॉलर डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाने के प्रस्ताव पर भी सहमति बनी। इसके लिए नियम एवं शर्तें तैयार कर टेंडर प्रक्रिया करने का निर्णय लिया गया। शहर में वैज्ञानिक एवं सुरक्षित कचरा प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कंगोली स्थित डम्पिंग यार्ड में मेडिकल वेस्ट डिस्पोजल प्लांट स्थापित करने के प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में एमआईसी सदस्य निर्मल पानीग्राही, सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, राणा घोष, कलावती कसेर, त्रिवेणी रंधारी, श्वेता बघेल, योगेन्द्र पाण्डे एवं संजय विश्वकर्मा सहित नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा, राजस्व अधिकारी मीनाक्षी नाग, अभियंता गोयल सिंह विमल, इंजीनियर दीपांशु देवांगन तथा नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story