मोटर पंपों में क्लोरीन डोजिंग तेज, 17 स्थानों पर कार्य पूर्ण

WhatsApp Channel Join Now
मोटर पंपों में क्लोरीन डोजिंग तेज, 17 स्थानों पर कार्य पूर्ण


मोटर पंपों में क्लोरीन डोजिंग तेज, 17 स्थानों पर कार्य पूर्ण


स्वच्छ पेयजल के लिए नगर निगम का विशेष अभियान जारी

धमतरी, 21 फ़रवरी (हि.स.)। शहरवासियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम ने व्यापक क्लोरीन डोजिंग अभियान शुरू किया है। बदलते मौसम और जलजनित बीमारियों की आशंका को देखते हुए निगम के स्वास्थ्य एवं जल विभाग की टीम सक्रिय रूप से मोटर पंपों में क्लोरीन घोल का छिड़काव कर रही है।

निगम से शनिवार काे मिली जानकारी के अनुसार अब तक गोकुलपुर, भटगांव रोड, शीतला पारा, आंगनवाड़ी परिसर, नवागांव, गंगा तालाब, बानिया तालाब और सुगंध तालाब सहित कुल 17 मोटर पंपों में क्लोरीन डोजिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। शेष स्थानों पर भी यह प्रक्रिया निरंतर जारी है।

अधिकारियों के अनुसार, मौसम परिवर्तन के दौरान पानी की गुणवत्ता प्रभावित होने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में समय-समय पर क्लोरीन घोल डालना आवश्यक होता है, जिससे जल स्रोतों में हानिकारक जीवाणुओं का नाश हो सके और नागरिकों को सुरक्षित पेयजल मिल सके। निगम प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जल स्रोतों की नियमित सफाई और पानी की गुणवत्ता की जांच भी समानांतर रूप से की जा रही है। पूरी प्रक्रिया की निगरानी विभागीय अधिकारियों द्वारा की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

नगर निगम के जल अधीक्षक महेंद्र सिंह जगत ने कहा है कि यदि कहीं जल संबंधी समस्या दिखाई दे तो तत्काल निगम कार्यालय को सूचित करें। वार्ड के सभी स्थान में समुचित रूप से पेयजल की आपूर्ति की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story