कंद्री स्कूल में बच्चों ने सीखे तनाव से निपटने के तरीके

WhatsApp Channel Join Now
कंद्री स्कूल में बच्चों ने सीखे तनाव से निपटने के तरीके


बलरामपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। शासकीय नवीन हाई स्कूल कंद्री में आज गुरुवार को विद्यार्थियों के लिए जीवन कौशल शिक्षा और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें बच्चों को तनाव से निपटने, सकारात्मक सोच रखने और मुश्किल परिस्थितियों का सामना करने के तरीके बताए गए।

कार्यशाला में विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के साथ स्व-जागरूकता, सहानुभूति, समानुभूति, तनाव प्रबंधन और समस्याओं का समाधान करने के बारे में सरल तरीके से जानकारी दी गई। उन्हें अपनी भावनाओं को समझने और विपरीत परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी परेशानी या मानसिक तनाव की स्थिति में इसे अकेले सहने के बजाय परिवार, शिक्षक या किसी भरोसेमंद व्यक्ति से बात करनी चाहिए। समय पर मदद लेने से कई समस्याओं को गंभीर होने से रोका जा सकता है।

कार्यशाला में जिला चिकित्सालय बलरामपुर में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत उपलब्ध मानसिक स्वास्थ्य उपचार और परामर्श सेवाओं की जानकारी भी दी गई। विद्यार्थियों को टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 और 1-800-891-4416 के बारे में बताया गया, जहां मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानी में विशेषज्ञों से सहायता ली जा सकती है।

कार्यशाला में विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, तनाव कम करने, सकारात्मक सोच रखने और मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य का ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया गया।

यह कार्यशाला कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय सिंह के नेतृत्व में जिला नोडल अधिकारी एनएमएचपी डॉ. अनूप कुमार पैंकरा एवं डीएमएचपी टीम द्वारा आयोजित की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story