बलौदाबाजार : राजस्व मंत्री ने जिले में सुपोषण बचपन अभियान का किया शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
बलौदाबाजार : राजस्व मंत्री ने जिले में सुपोषण बचपन अभियान का किया शुभारंभ


बलौदाबाजार : राजस्व मंत्री ने जिले में सुपोषण बचपन अभियान का किया शुभारंभ


आंगनबाडी केन्द्र के कुपोषित बच्चों को सप्ताह में 6 दिन मिलेंगे पौष्टिक लड्डू

बलौदाबाजार, 19 जून (हि.स.)। जिला प्रशासन द्वारा सुपोषित बचपन अभियान की शुरुआत की गई। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने शुक्रवार को नगर भवन बलौदाबाजार में आयोजित कार्यक्रम में सुपोषित बचपन अभियान का शुभारम्भ किया। उन्होंने बच्चों को पौष्टिक लड्डू खिलाकर कुपोषण से लड़ने और मजबूत बनने प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मंत्री वर्मा ने कहा क़ि, बच्चों में कुपोषण दूर करने के लिए एवं एक अच्छी सोच के साथ जिले में सुपोषित बचपन अभियान की शुरुआत हुई है। बच्चे स्वस्थ रहेंगे तो देश का भविष्य भी मजबूत होग़ा। उन्होंने कहा क़ि, पौष्टिक लड्डू में कई तरह के पौष्टिक सामग्री शामिल है जिसके सेवन से कुपोषण दूर होग़ा। मानसिक रूप से बच्चों को स्वस्थ रखने के लिये अच्छे संस्कार देना भी जरुरी है।माता अपने बच्चों को प्रेम के साथ ही साथ अनुशासन भी सिखाएं और एक अच्छा नागरिक बनाएं।

कलेक्टऱ कुलदीप शर्मा ने बताया कि, जिले के 1626 आंगनबाड़ी केंद्रों में से 1500 केंद्रों में लगभग 9000 बच्चे कुपोषित है जो बड़ी संख्या है। बच्चे देश के भविष्य है और उनका सुपोषित होना जरुरी है। उन्होंने कहा कि इन सभी 9000 कुपोषित बच्चों को अगले 6 माह में सुपोषित करने हेतु कार्ययोजना बनाई गई है। सुपोषित बचपन अभियान के तहत आंगनबाड़ी केन्द्र के गंभीर एवं मध्यम कुपोषित बच्चों को सप्ताह में 6 दिन एक- एक पौष्टिक लड्डू दिया जाएगा। यह पौष्टिक लड्डू स्थानीय स्तर पर समूह की महिलाओ द्वारा तैयार किया जाएगा। इस पौष्टिक लड्डू का निर्माण गेहूं,बेसन, रागी,मुनगा पॉवडर,गुड़, तिल,मूंगफली जैसे उच्च पौष्टिक पदार्थ से किया जाएगा। प्रातः 10 बजे आंगनबाड़ी केन्द्र में ही सहायिका द्वारा बच्चों को लड्डू खिलाई जाएगी। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका प्रति दिन गृह भेंट अंतर्गत बच्चों के घर जाकर उनके माता पिता को बच्चे की सही देख- भाल,समय पर पौष्टिक देने के सम्बंध में जागरूक करेंगे। उन्होंने बताया क़ि अभियान के तहत सभी 1200 गंभीर कुपोषित बच्चों का चिरायु टीम के द्वारा कार्ड बनाया जाएगा। सबसे पहले इनका पीएच सी एवं सीएचसी में स्वास्थ्य परीक्षण होग़ा। स्वास्थ्य परीक्षण के आधार पर आवश्यक दवाई दिया जाएगा। इसके साथ ही हर एनआरसी में भर्ती कराया जाएगा।भर्ती हेतु 15 -15 दिन के लिए बच्चों का लिस्ट तैयार किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा,भारत स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, नगर पालिका उपाध्यक्ष जीतेन्द्र महले, सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में बच्चे एवं माता उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Share this story