बलरामपुर : छात्राओं को सिखाए गए सुरक्षा के जरूरी पाठ

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : छात्राओं को सिखाए गए सुरक्षा के जरूरी पाठ


-गुड टच-बैड टच और पाक्सो एक्ट की दी गई जानकारी

बलरामपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। स्कूली छात्राओं को उनकी सुरक्षा, अधिकारों और कानूनों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग ने सनावल स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में आज मंगलवार छात्राओं को पाक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में छात्राओं को पाक्सो अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों और बाल अधिकारों के बारे में बताया गया। साथ ही किसी भी प्रकार के शोषण या असुरक्षित स्थिति में बिना झिझक चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर संपर्क करने की सलाह दी गई।

छात्राओं को गुड टच और बैड टच की पहचान, व्यक्तिगत सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, लैंगिक समानता और नशामुक्ति के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। इसके अलावा बाल विवाह, बाल श्रम और भिक्षावृत्ति जैसी सामाजिक कुरीतियों के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए इनके उन्मूलन में सभी की भागीदारी का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के उद्देश्य, बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story