सुकमा में प्रशासन की त्वरित पहल से बाल विवाह को रोका गया

WhatsApp Channel Join Now
सुकमा में प्रशासन की त्वरित पहल से बाल विवाह को रोका गया


सुकमा, 21 अगस्त (हि.स.)। जिले के मासापारा कावराकोपा, तोंगपाल क्षेत्र में शुक्रवार को बाल विवाह की सूचना प्राप्त होते ही महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल संयुक्त कार्रवाई की।

जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी शिवदास नेताम एवं जिला बाल संरक्षण अधिकारी जितेंद्र सिंह बघेल के मार्गदर्शन में जिला बाल संरक्षण इकाई, चाइल्ड लाइन, सेक्टर सुपरवाइजर एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मासापारा कावराकोपा पहुंची और बाल विवाह रोकने के लिए आवश्यक सलाह एवं कार्रवाई की। प्रशासन की इस त्वरित पहल से बाल विवाह को रोकने के साथ ही नाबालिग बालिका की सुरक्षा सुनिश्चित हुई, जो जिले में बाल अधिकारों के संरक्षण और बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र के एक युवक द्वारा महारापारा हमीरगढ़ निवासी 16 वर्षीय बालिका को विवाह के उद्देश्य से अपने साथ घर लाया गया था। स्थानीय परंपरा के अनुरूप विवाह की तैयारी की जा रही थी, जबकि बालिका के परिवार की सहमति नहीं थी। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को बाल विवाह के दुष्परिणामों तथा बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों की जानकारी दी। समझाइश के बाद युवक पक्ष ने जिम्मेदारी का परिचय देते हुए विवाह स्थगित करने पर सहमति जताई तथा बालिका ने भी इसे स्वीकार किया।

बालिका की सुरक्षा एवं सर्वोत्तम हित को प्राथमिकता देते हुए संयुक्त टीम उसे उसके गृहग्राम लेकर पहुंची, लेकिन वहां परिजन उपस्थित नहीं मिलने पर नियमानुसार बालिका को सुरक्षित रूप से सुकमा लाया गया। बाल कल्याण समिति के समक्ष आवश्यक कार्रवाई पूर्ण होने तक बालिका को सखी सेंटर में सुरक्षित आश्रय प्रदान किया गया है। कार्रवाई के दौरान घोषणा-पत्र लिया गया, पंचनामा तैयार किया गया तथा संबंधित पक्षों को बाल विवाह कानून के तहत संभावित वैधानिक कार्रवाई से अवगत कराया गया। इस कार्रवाई में संरक्षण अधिकारी (गैर संस्थागत देखरेख) मनीषा शर्मा, सेक्टर सुपरवाइजर गंगोत्री ठाकुर, चाइल्ड लाइन परियोजना समन्वयक अमित मरावी, चाइल्ड लाइन सुपरवाइजर अमित नाग, केस वर्कर मुड़ा पोडियामी, गमेश्वरी करतम, आउटरीच वर्कर अंजली वेट्टी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम सचिव एवं रोजगार सहायक सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story