मुख्यमंत्री सुशासन फेलोशिप के तहत आईआईएम रायपुर में निःशुल्क एमबीए और 50 हजार मासिक छात्रवृत्ति
कोरबा, 08 अप्रैल (हि. स.)। कोरबा जिले के युवाओं के लिए उच्च शिक्षा और बेहतर करियर का सुनहरा अवसर सामने आया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में संचालित “मुख्यमंत्री सुशासन फेलोशिप” के तहत विद्यार्थियों को भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) रायपुर में दो वर्षीय एमबीए इन पब्लिक पॉलिसी एंड गवर्नेंस कोर्स करने का मौका मिलेगा।
इस योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए आईआईएम रायपुर की टीम आज बुधवार को कोरबा जिले के विभिन्न महाविद्यालयों में पहुंची, जहां उन्होंने छात्रों से संवाद कर फेलोशिप से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। संस्थान के प्रतिनिधि बिनॉय और एस.एन. मंडल ने ई. विश्वेश्वरैया पीजी कॉलेज, मिनीमाता कन्या महाविद्यालय, अग्रसेन कन्या महाविद्यालय और कमला नेहरू कॉलेज में विद्यार्थियों को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभों के बारे में विस्तार से बताया।
टीम ने कोरबा के विद्यार्थियों को इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया और योजना से संबंधित पाम्पलेट भी वितरित किए। उन्होंने बताया कि इस फेलोशिप के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों की पूरी पढ़ाई का खर्च छत्तीसगढ़ शासन द्वारा उठाया जाएगा। साथ ही छात्रों को हर महीने 50 हजार रुपये की छात्रवृत्ति भी दी जाएगी।
कोर्स के दौरान विद्यार्थियों को आईआईएम रायपुर में उच्च स्तरीय शिक्षा के साथ-साथ राज्य शासन के विभिन्न विभागों में व्यावहारिक प्रशिक्षण का भी अवसर मिलेगा, जिससे उन्हें प्रशासनिक कार्यों का अनुभव प्राप्त होगा और भविष्य में बेहतर करियर बनाने में मदद मिलेगी। यह योजना केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासियों के लिए लागू है और इसमें राज्य सरकार की आरक्षण नीति का पालन किया जाएगा। इच्छुक छात्र आईआईएम रायपुर की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं। इस पहल से कोरबा सहित पूरे प्रदेश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आर्थिक सहयोग और बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

