मुख्यमंत्री नोनी सशक्तीकरण सहायता योजना से संवर रहा श्रमिक परिवारों की बेटियों का भविष्य

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री नोनी सशक्तीकरण सहायता योजना से संवर रहा श्रमिक परिवारों की बेटियों का भविष्य


रायपुर, 27 अक्टूबर (हि. स.)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार श्रमिक परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री नोनी सशक्तीकरण सहायता योजना श्रमिक परिवारों की बेटियों के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम बन रही है। आर्थिक परिस्थितियों के कारण बेटियों की शिक्षा और भविष्य को लेकर चिंतित रहने वाले परिवारों को इस योजना से बड़ी राहत मिल रही है। योजना के तहत पात्र श्रमिक परिवारों की बेटियों को 20-20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जा रही है, जिससे वे अपनी उच्च शिक्षा और अन्य आवश्यकताओं को पूरा कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकें।

रायपुर जिले के रायपुरा क्षेत्र में रहने वाली कु सिम्मी निषाद के लिए भी मुख्यमंत्री नोनी सशक्तीकरण सहायता योजना नई उम्मीद लेकर आई है।

डॉ. राधाबाई गवर्नमेंट नवीन कन्या महाविद्यालय, रायपुर में स्नातक के तृतीय सेमेस्टर की छात्रा सिम्मी को योजना के अंतर्गत 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई है।

सीमित आय वाले परिवार की बेटी सिम्मी आगे पढ़-लिखकर अपने पैरों पर खड़ा होना चाहती हैं और अपने माता-पिता का सहारा बनना चाहती हैं। शासन से मिली यह सहायता उनके सपनों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

सिम्मी की माता संतोषी निषाद घर से सिलाई का कार्य कर परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में सहयोग करती हैं, वहीं उनके पिता एक छोटी सी दुकान का संचालन करते हैं। सीमित आमदनी में परिवार का भरण-पोषण करने के साथ बेटी की उच्च शिक्षा का खर्च उठाना आसान नहीं है। ऐसे में मुख्यमंत्री नोनी सशक्तीकरण सहायता योजना के तहत मिली 20 हजार रुपये की राशि परिवार के लिए बड़ी राहत बनकर आई है।

श्रीमती संतोषी निषाद ने बताया कि, वे श्रम विभाग में पंजीकृत हैं। उन्हें विभाग के माध्यम से मुख्यमंत्री नोनी सशक्तीकरण सहायता योजना की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने योजना का आवेदन फॉर्म भरा और पात्रता के अनुसार उनकी बेटी के बैंक खाते में 20 हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि, इस राशि का उपयोग बेटी की कॉलेज की पढ़ाई और शैक्षणिक आवश्यकताओं को पूरा करने में किया जाएगा।

श्रीमती निषाद ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि, हम जैसे मेहनत-मजदूरी और छोटे व्यवसाय से परिवार चलाने वाले लोगों के लिए 20 हजार रुपये की सहायता बहुत मायने रखती है। हमारी इच्छा है कि हमारी बेटी खूब पढ़े-लिखे और जीवन में आगे बढ़े। मुख्यमंत्री विष्णु भैया ने हमारी बेटी की पढ़ाई के लिए जो सहायता दी है, उससे हमारा हौसला बढ़ा है। इसके लिए हम मुख्यमंत्री जी का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।

वहीं योजना से लाभान्वित छात्रा सिम्मी निषाद ने उत्साहपूर्वक बताया कि वह वर्तमान में महाविद्यालय के तीसरे सेमेस्टर में अध्ययनरत हैं। उनका सपना उच्च शिक्षा प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनना और अपने माता-पिता को आर्थिक सहयोग देना है। उन्होंने कहा, मैं आगे पढ़ना चाहती हूं, अपना अच्छा भविष्य बनाना चाहती हूं और अपने माता-पिता का सहारा बनना चाहती हूं। मुख्यमंत्री की योजना से मुझे 20 हजार रुपये की सहायता मिली है, जिससे मेरी कॉलेज की पढ़ाई में बहुत मदद मिलेगी। मैं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को धन्यवाद देती हूं।

उल्लेखनीय है कि, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तीकरण सहायता योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत पात्र श्रमिक परिवार की प्रथम दो बेटियों को 20-20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना के तहत बेटी की आयु न्यूनतम 18 वर्ष एवं अधिकतम 21 वर्ष होनी चाहिए। साथ ही उसका अविवाहित होना और दसवीं कक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। पात्र हितग्राही श्रम विभाग की आधिकारिक वेबसाइट cglabour.nic.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767544 Articles

Share this story