छत्तीसगढ़ में बदलेगी हवा की दिशा और तापमान में होगी बढ़ोतरी, बढ़ेगी ठंड

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ में बदलेगी हवा की दिशा और तापमान में होगी बढ़ोतरी, बढ़ेगी ठंड


रायपुर , 21 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ने लगी है । मौसम विभाग के अनुसार बुधवार 22 नवंबर से प्रदेश में हवा उत्तर से आने की संभावना है, इसके चलते नमी की मात्रा कम होगी। इसके प्रभाव से अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आएगी तथा ठंड बढ़ने वाली है।

मौसम विज्ञान एचपी चंद्रा ने बताया कि अब हवा उत्तर से आने के चलते आगामी तीन दिनों में न्यूनतम तापमान और गिरेगा, पर अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा। सोमवार को प्रदेश भर में अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। इसी प्रकार रायपुर का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में ठंड अच्छी पड़ेगी, विशेषकर दिसंबर पहले सप्ताह से तो ठंड ज्यादा बढ़ने वाली है। इन दिनों सुबह-सुबह के साथ ही रात में भी ठंड काफी बढ़ने लगी है। विशेषकर ग्रामीण व आउटर क्षेत्रों में यह ठंड बढ़ी है।

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र

Share this story