छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का भव्य आगाज कल से, तीन दिनों तक सजेगा लोककला और संगीत का मंच

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का भव्य आगाज कल से, तीन दिनों तक सजेगा लोककला और संगीत का मंच


- नवा रायपुर में 1 से 3 नवंबर तक होगा आयोजन, पलक मुच्छल, स्वास्ति मेहुल और अभिजीत भट्टाचार्य देंगे प्रस्तुति

रायपुर, 31 अक्टूबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय राज्योत्सव का भव्य शुभारंभ एक नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान में होगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति, जनजातीय परंपराओं, कला और संगीत की आकर्षक झलक देखने को मिलेगी।

राज्योत्सव का उद्घाटन केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया करेंगे। समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। वहीं, 2 नवंबर को राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। तीन नवंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य में समारोह का समापन होगा। इस दौरान राज्य अलंकरण समारोह में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बॉलीवुड गायिका पलक मुच्छल, स्वास्ति मेहुल और गायक अभिजीत भट्टाचार्य मुख्य आकर्षण होंगे। पहले दिन पलक मुच्छल, दूसरे दिन स्वास्ति मेहुल और अंतिम दिन अभिजीत भट्टाचार्य अपनी प्रस्तुतियां देंगे। तीन नवंबर को पद्मश्री उषा बारले की पंथी प्रस्तुति भी विशेष आकर्षण रहेगी।

राज्योत्सव के साथ शिल्पग्राम में भी तीन दिनों तक 30 स्थानीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित होंगी। इनमें पंडवानी, पंथी, सुआ नृत्य, कथक, ओडिसी, लोकगीत, भजन, सूफी संगीत और आदिवासी लोकनृत्य शामिल हैं।

आयोजन का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के साथ स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करना है। राज्योत्सव में पारंपरिक लोककलाओं और आधुनिक संगीत का संगम दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770252 Articles

Share this story