छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना कर मनाया राज्य स्थापना दिवस, राज्यगीत का हुआ सामूहिक गायन

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना कर मनाया राज्य स्थापना दिवस, राज्यगीत का हुआ सामूहिक गायन


महतारी की वेशभूषा में पहुंची नन्ही बालिका बनी आकर्षण का केंद्र, दो नवंबर को होगा जिला स्तरीय समारोह

धमतरी, 01 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने पर एक नवंबर को जिला कार्यालय परिसर में राज्य स्थापना दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर परिसर में स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने माल्यार्पण कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की। इसके बाद सभी ने छत्तीसगढ़ की अस्मिता, गौरव और सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक राज्यगीत 'अरपा पैरी के धार' का सामूहिक गायन किया।

आयोजन के दौरान प्रदेश की गौरवशाली विरासत, समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और विकास यात्रा का स्मरण किया गया। समारोह का विशेष आकर्षण छत्तीसगढ़ महतारी की पारंपरिक वेशभूषा में पहुंची एक नन्ही बालिका रही। बालिका को महतारी के स्वरूप में देखकर अधिकारी-कर्मचारियों ने प्रसन्नता जाहिर की और आत्मीयता के साथ उसका अभिनंदन करते हुए तस्वीरें भी खिंचवाईं। उसकी मनमोहक उपस्थिति ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया।

इस अवसर पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिलेवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश की गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं और विकास यात्रा को आगे बढ़ाने में सभी नागरिकों की सहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि दो नवंबर को धमतरी में एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। उन्होंने जिलेवासियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। समारोह में डिप्टी कलेक्टर मुकेश बजाज, सहायक अधीक्षक गोस्वामी सहित जिला कार्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770468 Articles

Share this story