कुरूद क्षेत्र की प्रगति में निर्बाध बिजली आपूर्ति की अहम भूमिका: अजय चंद्राकर

WhatsApp Channel Join Now
कुरूद क्षेत्र की प्रगति में निर्बाध बिजली आपूर्ति की अहम भूमिका: अजय चंद्राकर


कुरूद क्षेत्र की प्रगति में निर्बाध बिजली आपूर्ति की अहम भूमिका: अजय चंद्राकर


छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव में विद्युत के सजग उपभोक्ता हुए सम्मानित

धमतरी, 05 फ़रवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत वर्ष के अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज़ के कुरूद संभाग द्वारा भव्य रजत महोत्सव का आयोजन किया गया। स्वामी विवेकानंद मंगल भवन, कुरूद में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि कुरूद सहित आसपास के क्षेत्रों की तेज प्रगति के पीछे निर्बाध विद्युत आपूर्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि आज बिजली प्रदेश की पहचान से जुड़ा विषय बन चुकी है।

कार्यक्रम के दौरान अजय चंद्राकर ने पॉवर कंपनी की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सजग विद्युत उपभोक्ताओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि कुरूद क्षेत्र में पूरे प्रदेश में सर्वाधिक विद्युत विकास कार्य हुए हैं, जिससे कृषि, उद्योग और शिक्षा जैसे क्षेत्रों को नई दिशा मिली है। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह योजना आम घरेलू उपभोक्ताओं के लिए अत्यंत लाभकारी है। साथ ही उन्होंने सौर ऊर्जा को भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने का सबसे प्राथमिक और टिकाऊ स्रोत बताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में रायपुर केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा उपस्थित रहे। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू तथा पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के अतिरिक्त मुख्य अभियंता के.एस. भारती विशेष रूप से मौजूद थे। अतिरिक्त मुख्य अभियंता के.एस. भारती ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि पिछले 25 वर्षों में प्रदेश में विद्युत उपभोक्ताओं की संख्या 19 लाख से बढ़कर 65 लाख हो गई है और आज पॉवर कंपनी प्रदेश के प्रत्येक उपभोक्ता को गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने में सफल रही है।

कार्यपालन अभियंता कुरूद संभाग अमित कुमार ने जानकारी दी कि समारोह के दौरान विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 26 सजग विद्युत उपभोक्ताओं को सम्मानित किया गया। इनमें नियमित रूप से बिना बकाया बिजली बिल भुगतान करने वाले उपभोक्ता, सीमा के भीतर विद्युत खपत करने वाले एकल बत्ती उपभोक्ता, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभार्थी, कृषक जीवन ज्योति योजना के लाभार्थी तथा गैर-घरेलू श्रेणी के उपभोक्ता शामिल हैं। रजत महोत्सव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, विद्युत उपभोक्ता, गणमान्य नागरिक एवं पॉवर कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story