छत्तीसगढ़ में  अब तक एक सौ छह लाख मीट्रिक टन धान की खरीद

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ में  अब तक एक सौ छह लाख मीट्रिक टन धान की खरीद


-धान खरीद के साथ-साथ तेजी से हो रहा धान का उठाव

रायपुर, 7 जनवरी (हि.स.)। प्रदेश के किसानों से सुगमता पूर्वक धान की खरीद की जा रही है। वहीं धान खरीद व्यवस्था पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार मॉनीटरिंग की जा रही है। राज्य में 14 नवम्बर से शुरू हुए धान खरीद का सिलसिला अनवरत रूप से जारी है। अब तक लगभग 106 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी है। धान खरीद के एवज में 20.53 लाख किसानों को बैंक लिकिंग व्यवस्था के तहत 23 हजार 790 करोड़ से अधिक का भुगतान किया गया है। धान खरीद का यह अभियान 31 जनवरी 2025 तक चलेगी।

प्रदेश के समस्त पंजीकृत कृषकों को खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में धान विक्रय हेतु टोकन की सुविधा ऑनलाईन एप्प (टोकन तुंहर हांथ) एवं उपार्जन केन्द्रों में 25 जनवरी 2025 तक के लिए उपलब्ध कराया गया है। किसान सुविधा अनुसार तिथी का चयन कर नियमानुसार धान विक्रय कर सकते है।

धान खरीद के साथ-साथ मिलर्स द्वारा धान का उठाव भी तेजी से हो रहा है। अब तक 79.15 लाख मीटरिक टन धान के उठाव के लिए डीओ और टीओ जारी किया गया है, इसके एवज में 49.15 लाख मीट्रिक टन धान का उठाव कर लिया गया है।

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि, 7 जनवरी 2025 को 65 हजार 321 किसानों से 3.41 लाख मीट्रिक टन धान खरीद की गई है। इसके लिए 75 हजार 905 टोकन जारी किए गए थे। आगामी दिवस के लिए 73 हजार 725 टोकन जारी किया गया है।

उल्‍लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा इस खरीफ वर्ष के लिए 27.78 लाख किसानों द्वारा पंजीयन कराया गया है। इसमें 1.59 लाख नए किसान शामिल है। इस वर्ष 2739 उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी अनुमानित है।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Share this story