छत्तीसगढ़ में 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक होगी घर-घर जनगणना

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ में 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक होगी घर-घर जनगणना


- राज्यभर में 66 हजार प्रगणक एवं पर्यवेक्षक संभालेंगे जिम्मेदारी

- जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारी तेज, 60 मास्टर ट्रेनर्स को दिया जा रहा प्रशिक्षण

रायपुर, 5 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। राज्य में 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक होने वाली जनगणना के लिए प्रशिक्षण की बहुस्तरीय व्यवस्था शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में नवा रायपुर अटल नगर स्थित प्रशासन अकादमी में आयोजित मास्टर ट्रेनर्स के प्रथम बैच का चार दिवसीय प्रशिक्षण 5 नवंबर को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण का दूसरा बैच 16 से 19 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा।

राज्य में जनगणना के दूसरे चरण के दौरान प्रगणक घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार के सदस्यों की गणना करेंगे। इस व्यापक कार्य के लिए लगभग 66 हजार प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की तैनाती की जाएगी। इन्हें प्रशिक्षित करने के लिए जिलों द्वारा 1,120 फील्ड ट्रेनर्स नामित किए गए हैं। वहीं, फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित करने के लिए जिलों से 47 और जनगणना कार्य निदेशालय से 13 सहित कुल 60 मास्टर ट्रेनर्स नामित किए गए हैं।

भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार, राज्य के मुख्य सचिव के मार्गदर्शन तथा गृह विभाग की राज्य नोडल अधिकारी एवं प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारीक और जनगणना कार्य निदेशालय, छत्तीसगढ़ के निदेशक कार्तिकेया गोयल के दिशा-निर्देशों में यह प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। प्रथम बैच में राज्य के 16 जिलों के मास्टर ट्रेनर्स ने हिस्सा लिया। इनमें मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, सरगुजा, जशपुर, रायगढ़, कोरबा, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, मुंगेली, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बलौदाबाजार-भाटापारा तथा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई शामिल हैं।

छत्तीसगढ़ के लिए नामित राष्ट्रीय प्रशिक्षक अशोक मिश्र और प्रदीप कुमार साव, दोनों संयुक्त निदेशक ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया। इसमें जनगणना के दूसरे चरण की प्रक्रिया, प्रश्नावली, गणना की तकनीकी बारीकियों, मोबाइल एप्लीकेशन के उपयोग, आंकड़ों के संकलन और उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने संबंधी पहलुओं पर सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य मास्टर ट्रेनर्स को इस स्तर पर दक्ष बनाना है कि वे जिला स्तर पर फील्ड ट्रेनर्स को प्रभावी ढंग से प्रशिक्षित कर सकें।

प्रशिक्षण के दूसरे बैच का आयोजन भी प्रशासन अकादमी, नवा रायपुर अटल नगर में 16 से 19 नवंबर तक किया जाएगा। इसमें भी दोनों राष्ट्रीय प्रशिक्षक प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। इसके बाद मास्टर ट्रेनर्स जिला स्तर पर फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित करेंगे और फील्ड ट्रेनर्स के माध्यम से प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि, जनगणना-2027 के प्रथम चरण यानी मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य छत्तीसगढ़ में 1 से 30 मई 2026 तक सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। दूसरे चरण में राज्य के प्रत्येक व्यक्ति की गणना सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए प्रशिक्षण के सभी स्तरों पर तकनीकी दक्षता, आंकड़ों की शुद्धता, कार्य की समयबद्धता और जवाबदेही पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि जनगणना का कार्य व्यवस्थित, सटीक और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773089 Articles

Share this story