अर्नब तूफान ने बदला मुख्यमंत्री का दौरा कार्यक्रम, सूरजपुर और बलरामपुर में वर्चुअल माध्यम से जुड़े विष्णुदेव साय

WhatsApp Channel Join Now
अर्नब तूफान ने बदला मुख्यमंत्री का दौरा कार्यक्रम, सूरजपुर और बलरामपुर में वर्चुअल माध्यम से जुड़े विष्णुदेव साय


बलरामपुर/सूरजपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से बिगड़े मौसम ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का सूरजपुर और बलरामपुर-रामानुजगंज जिले का प्रस्तावित दौरा प्रभावित कर दिया। बुधवार को हेलीकॉप्टर से दोनों जिलों में पहुंचने का कार्यक्रम था, लेकिन मौसम अनुकूल नहीं होने के कारण उड़ान की अनुमति नहीं मिल सकी। इसके बाद मुख्यमंत्री रायपुर स्थित निवास कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रमों में शामिल हुए।

सूरजपुर के प्रेमनगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन जुड़कर विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इस मौके पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए। जिले में 208 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत के 54 कार्यों का भूमिपूजन और 24 करोड़ 29 लाख रुपये के 63 पूर्ण कार्यों का लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रेमनगर नगर पंचायत के लिए अतिरिक्त विकास कार्यों की घोषणा भी की।

वहीं, बलरामपुर जिले में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित प्रवास के दौरान 202 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत के 2,009 विकास कार्यों की सौगात देने का कार्यक्रम निर्धारित था। खराब मौसम के चलते उनका जिले में पहुंचना संभव नहीं हो सका। निर्धारित कार्यक्रम के तहत विकास कार्यों से संबंधित गतिविधियां आयोजित की गईं, जबकि मुख्यमंत्री की प्रत्यक्ष मौजूदगी वाला कार्यक्रम प्रभावित हुआ।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अर्नब चक्रवात का प्रभाव 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में देखने को मिल सकता है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश और बादलों के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से मौसम में ठंडक बढ़ सकती है। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन और नागरिकों को सतर्क रहने की जरूरत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768414 Articles

Share this story