छठ पूजा : खरना के बाद शुरू हुआ 36 घंटे का निर्जला व्रत

WhatsApp Channel Join Now
छठ पूजा : खरना के बाद शुरू हुआ 36 घंटे का निर्जला व्रत


धमतरी, 14 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर शहर में भक्तिमय माहौल बनने लगा है। चार दिवसीय इस पर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना की रस्म पूरी होने के साथ ही व्रती महिलाओं का 36 घंटे का निर्जला उपवास प्रारंभ हो गया।

अब रविवार की शाम व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे, जबकि सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ कठिन व्रत का पारण होगा।

पर्व को लेकर छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। नगर के प्रमुख छठ घाट आमातालाब के साथ ही शहर से लगे ग्राम रुद्री स्थित महानदी के रुद्रेश्वर घाट में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नगर निगम प्रशासन द्वारा घाटों की साफ-सफाई कराई गई है, वहीं रुद्रेश्वर घाट पर समिति के सदस्यों ने मरम्मत एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया है। रविवार शाम घाटों पर पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

रुद्रेश्वर घाट पर छठ पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। समिति के सदस्य आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं और पुलिस अधीक्षक को भी महापर्व में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। शहर के कई परिवार आमातालाब घाट पर भी सूर्य उपासना और पूजा-अर्चना करेंगे।

परिषद के मीडिया सलाहकार पंडित राजकुमार तिवारी ने बताया कि छठ पूजा 13 नवंबर से प्रारंभ होकर 16 नवंबर तक मनाई जाएगी। यह पर्व भगवान सूर्य की आराधना के साथ प्रकृति के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का प्रतीक है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में व्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए उपवास रखते हैं तथा अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना करते हैं। खरना के बाद शुरू हुआ निर्जला व्रत छठ पर्व की सबसे कठिन साधना मानी जाती है। घाटों पर उमड़ने वाली आस्था और पारंपरिक गीतों के बीच रविवार शाम धमतरी में छठ महापर्व की छटा देखते ही बनेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777218 Articles

Share this story