चेकडेम ने बदली सरवानी गांव की तस्वीर, खेती को मिला सिंचाई का सहारा
जांजगीर-चांपा, 24 सितंबर (हि. स.)। बम्हनीडीह विकासखंड की ग्राम पंचायत सरवानी में लखाली डहर नाला पर बनाया गया चेकडेम ग्रामीणों के लिए जल संरक्षण और कृषि के लिहाज से उपयोगी साबित हो रहा है। पहले बारिश के दौरान नाले का पानी तेज बहाव के साथ निकल जाता था, जिससे गर्मी के दिनों में पानी की उपलब्धता कम हो जाती थी। चेकडेम बनने के बाद पानी का ठहराव बढ़ा है और नाले से लगी कृषि भूमि में नमी बनी रहने से किसानों को फसल उत्पादन में सहारा मिल रहा है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में रोजगार गारंटी योजना के तहत ग्राम पंचायत सरवानी ने चेकडेम का निर्माण कराया। इसकी स्वीकृत लागत 19.90 लाख रुपये है, जिसमें 3.775 लाख रुपये मजदूरी और 16.125 लाख रुपये सामग्री मद में शामिल हैं। निर्माण कार्य से करीब 1,444 मानव दिवस रोजगार का सृजन हुआ, जिससे ग्रामीण श्रमिकों को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिला और गांव में जल संरक्षण की स्थायी परिसंपत्ति भी तैयार हुई।
चेकडेम बनने के बाद नाले में पानी अधिक समय तक रुक रहा है। आसपास की कृषि भूमि में नमी बनी रहने से किसानों ने धान के साथ सब्जियों का भी उत्पादन किया है। पानी के धीरे-धीरे जमीन में रिसाव से भू-जल स्तर को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा चेकडेम से मिट्टी कटाव कम करने और पशुओं के लिए पानी की उपलब्धता बनाए रखने में भी मदद मिल रही है।
रोजगार सहायक धनेश्वर श्रीवास ने बताया कि चेकडेम ग्रामीणों के लिए काफी उपयोगी साबित हुआ है। इससे किसानों को खेती के लिए पानी का सहारा मिला है, वहीं निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय श्रमिकों को रोजगार भी मिला। किसान देवकुमार कर्ष ने बताया कि उनकी कृषि भूमि नाले से लगी हुई है। चेकडेम के कारण पानी रुकने से खेतों में नमी बनी रही और धान की फसल लेने में मदद मिली। बाबूलाल, रेशम कश्यप सहित अन्य किसानों ने भी चेकडेम से मिले लाभ की जानकारी साझा की।
सरवानी का यह चेकडेम रोजगार सृजन के साथ जल संरक्षण और कृषि को बढ़ावा देने वाली उपयोगी परिसंपत्ति के रूप में सामने आया है। सेवा संकल्प अभियान के तहत सामने आई यह कहानी बताती है कि बारिश का पानी जो पहले तेजी से बहकर निकल जाता था, अब ग्रामीणों के लिए खेती और जल संरक्षण में उपयोगी साबित हो रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

