छत्तीसगढ़ में अगले चार दिन बारिश के आसार, कई जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ में अगले चार दिन बारिश के आसार, कई जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी


रायपुर 09 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक पूरे राज्य में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात होने की भी आशंका व्यक्त की गई है।

माैसम विभाग के अनुसार बुधवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान रायपुर का अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस तथा पेंड्रा रोड का न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, इस मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में सामान्य से 17 प्रतिशत कम वर्षा हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार बारिश के दौरान कई इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने के आसार हैं।उत्तर छत्तीसगढ़ (सरगुजा संभाग) और मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की प्रबल संभावना है।दक्षिण छत्तीसगढ़ (बस्तर संभाग) के सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर और जगदलपुर जैसे क्षेत्रों में मानसून विशेष रूप से मेहरबान रहेगा, जहां भारी बारिश हो सकती है।

राजधानी रायपुर में गुरुवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे लगे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र, सक्रिय मानसूनी द्रोणिका तथा विभिन्न स्तरों पर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां बनी हुई हैं। इसी कारण आगामी दिनों में भी अधिकांश क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Share this story