चांपा में पहली बार महिला कमांडो का गठन, नशे के खिलाफ पुलिस ने चलाया जनजागरूकता अभियान

WhatsApp Channel Join Now
चांपा में पहली बार महिला कमांडो का गठन, नशे के खिलाफ पुलिस ने चलाया जनजागरूकता अभियान


चांपा में पहली बार महिला कमांडो का गठन, नशे के खिलाफ पुलिस ने चलाया जनजागरूकता अभियान


जांजगीर-चांपा, 17 सितंबर (हि. स.)। नशे के दुष्प्रभावों और अवैध नशे के कारोबार से लोगों को दूर रखने के उद्देश्य से चांपा पुलिस ने मेहंदीपारा में आज गुरुवार को विशेष जनजागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में नगरीय क्षेत्र में पहली बार महिला कमांडो दल का गठन किया गया। इसके साथ ही मेहंदीपारा और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।

कार्यक्रम में नगर पालिका चांपा अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, उपाध्यक्ष अमरदीप खटकर, चांपा सेवा संस्थान के पुरुषोत्तम शर्मा, पार्षद, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी शामिल हुए। इस दौरान पुलिस ने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उन्हें नशे के सेवन और अवैध कारोबार से दूर रहने के लिए जागरूक किया। लोगों से परिवार और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की गई।

पुलिस ने कहा कि नशे के कारण परिवार और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को रोकने के लिए पुलिस के साथ समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। नागरिकों से नशे के अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने और युवाओं को नशे से दूर रखने में सहयोग करने की अपील की गई।

जांजगीर-चांपा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पहले से महिला कमांडो का गठन किया जा चुका है। इसी क्रम में अब शहरी क्षेत्र में पहली बार महिला कमांडो दल का गठन किया गया। महिला कमांडो और स्थानीय नागरिकों ने मेहंदीपारा एवं आसपास के इलाकों में स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन ने नशे के कारोबार से दूर होकर सम्मानजनक और वैकल्पिक आजीविका अपनाने के इच्छुक लोगों को उनके हुनर एवं रुचि के अनुसार रोजगार और व्यवसाय से जोड़ने की दिशा में पहल करने की बात कही। ऐसे लोगों को कलेक्टर के माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।

कार्यक्रम में नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पुलिस ने युवाओं को शिक्षा, रोजगार, खेल और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए समाज के लोगों से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन मेहंदीपारा को नशामुक्त और आदर्श मोहल्ला बनाने के संकल्प के साथ हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story