छत्तीसगढ़ में 16 जून से ही खुलेंगे स्कूल, एक जुलाई से शुरू होने की सूचना फर्जी और भ्रामक
जगदलपुर, 14 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में 16 जून से ही स्कूल खुलेंगे, एक जुलाई से शुरू होने की सूचना फर्जी और भ्रामक है। संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ की ओर से जारी आदेश के अनुसार, राज्य की समस्त शासकीय एवं अशासकीय शालाओं में शैक्षणिक सत्र 2026-27 का विधिवत संचालन 16 जून 2026 यानी मंगलवार से शुरू किया जाएगा। इस संबंध में सोशल मीडिया पर वायरल की जा रही सूचना कि शैक्षणिक सत्र एक जुलाई 2026 से प्रारंभ होगा जो कि पूरी तरह से असत्य, भ्रामक, तथ्यों से परे और फर्जी है।
लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि विद्यालयों के संचालन की अधिकृत तिथि 16 जून 2026 ही है। ऐसे में विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की जाती है, कि वे केवल विभाग की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें। सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट एवं भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें। आदेश में सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को आदेश दिया गया है, कि वे 16 जून से शाला प्रवेश उत्सव मनाने के लिए तैयार रहें।
उल्लेखनीय है कि 20 अप्रैल से 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया गया था। अब अवकाश खत्म होने के बाद प्रदेश के स्कूलों का संचालन 16 जून से नियमित रूप से होगा। छत्तीसगढ़ में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही राज्य सरकार विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ, सुंदर और गुणवत्तापूर्ण माहौल तैयार करने जा रही है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप, प्रदेशभर में 16 जून 2026 से शाला प्रवेश उत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने पहले ही 12 जून काे मंत्रालय महानदी भवन (नवा रायपुर) से विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

