मौसम विभाग ने जताई छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना

WhatsApp Channel Join Now

रायपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। एक-दो स्थानों पर वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, बस्तर, कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा समेत कई जिलों में इसका असर दिख रहा है। कुछ स्थानों पर 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे लगे छत्तीसगढ़ के ऊपर समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।इसके अलावा अलग-अलग स्तरों पर बनी द्रोणिकाएं छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही हैं।

उल्लेखनीय है कि बिलासपुर के कोटा इलाके के लखोदना में खेत में काम कर रहे दो साढ़ू भाई मन्ना यादव और कुंजराम यादव तथा मानपुर में बारिश से बचने पेड़ के नीचे खड़े किसान जागेश्वर जगत की बुधवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई है ।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर तेज हवाओं के साथ मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.5°C राजनांदगांव में दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.2°C पेंड्रारोड में रहा। बिलासपुर में 10.4 मिमी और 6.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Share this story