छत्तीसगढ़ में कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ में कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की चेतावनी


छत्तीसगढ़ में कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की चेतावनी


रायपुर, 05 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में आज धूलभरी आंधी और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार यदि वर्तमान परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो मानसून 15 जून तक प्रदेश में प्रवेश कर सकता है।

मौसम विज्ञानी एच. पी. चंद्रा ने बताया कि दक्षिण पश्चिम मानसून के लक्षद्वीप, केरल और तमिलनाडु के कुछ भाग, बंगाल की खाड़ी के शेष हिस्सों में अगले 24 घंटे में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई है। एक पश्चिम में विक्षोभ पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर 1.5 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर पूर्व उत्तर प्रदेश और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।

इन मौसम प्रणालियों के कारण छत्तीसगढ़ में आज एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा या गरज-चमक के साथ बूंदा बांदी की संभावना है।बस्तर और आसपास के दक्षिणी इलाकों में दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ गरज-चमक होने की संभावना है।कुछ जगहों पर अंधड़ और बिजली गिरने की भी स्थिति बन सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव ही होने के आसार हैं।

गुरुवार को प्रदेश में रायपुर और राजनांदगांव सबसे गर्म शहर रहे, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया। शाम के समय बादलों की आवाजाही और हवाओं की रफ्तार बढ़ने से मौसम में बदलाव महसूस किया गया। बीजापुर, अंबिकापुर, मैनपाट और पेंड्रारोड में बारिश के कारण तापमान सामान्य से नीचे बना रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Share this story