छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज पेश होगा धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2026

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज पेश होगा धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2026


रायपुर, 19 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान आज (19 मार्च 2026) धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2026 पेश किया जाएगा। यह विधेयक राज्य में अवैध या बलपूर्वक कराए जाने वाले धर्मांतरण को रोकने के लिए लाया जा रहा है। चर्चा के बाद आज ही विधेयक पास कराने की तैयारी है।गृह मंत्री विजय शर्मा इस विधेयक को सदन में प्रस्तुत करेंगे।

सरकार ने हाल ही में 20 साल पुराने (2006 के) धर्म स्वातंत्र्य (संशोधन) विधेयक को वापस ले लिया था, ताकि अधिक कड़े प्रावधानों वाला नया 2026 का विधेयक लाया जा सके।

आज सदन में प्रश्नकाल के दौरान मंत्री शर्मा और श्याम बिहारी जायसवाल सवालों का जवाब देंगे। इस दौरान आयुष्मान योजना, सड़क सुरक्षा निधि और पुलिस भवन जैसे अहम मुद्दे उठाए जाएंगे।

ध्यानाकर्षण के दौरान फोर्टीफाइड चावल वितरण में अनियमितता का मुद्दा उठेगा। जिस पर विधायक ओंकार साहू के सवाल का जवाब खाद्य मंत्री देंगे। साथ ही भारत सरकार से विशेष सहायता योजना में प्राप्त राशि की दुरुपयोग का भी मुद्दा गूंजेगा। वित्त मंत्री ओपी चौधरी विधायक सुशांत शुक्ला के सवाल का जवाब देंगे।

टाउन एंड कंट्री प्लानिंग संशोधन विधेयक और हाउसिंग बोर्ड संशोधन विधेयक को भी पास किया जाएगा। साथ ही सात विभागों से जुड़े दस्तावेज भी सदन के पटल पर रखे जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Share this story