छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के 113 सक्रिय मामले, रायपुर में सबसे अधिक 19 मरीज

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के 113 सक्रिय मामले, रायपुर में सबसे अधिक 19 मरीज


रायपुर, 09 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में सितंबर 2026 के नवीनतम स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार स्वाइन फ्लू (एच1 एन 1 ) का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 1 जनवरी 2026 से 8 सितंबर 2026 तक स्वाइन फ्लू के कुल 298 मरीज सामने आ चुके हैं। वर्तमान में 113 सक्रिय मामले हैं, जिनमें से 81 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं और 32 का इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा है।

बीती देर शाम जारी रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश में स्वाइन फ्लू के 46 नए मरीज मिले हैं। इनमें रायपुर में सबसे अधिक 19 मरीज मिले हैं। इसके साथ ही जनवरी 2026 से अब तक प्रदेश में स्वाइन फ्लू के कुल 298 मरीज सामने आ चुके हैं।वर्तमान में 113 एक्टिव मामले हैं, जिनमें से 81 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं और 32 का इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा है।

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बीती देर शाम रायपुर में 19 नए मरीज मिले हैं। इसके साथ ही रायपुर जिले में जनवरी से अब तक स्वाइन फ्लू के कुल 127 मामले दर्ज हो चुके हैं, जो प्रदेश में सबसे अधिक हैं। बिलासपुर में 3, बलौदाबाजार में 2, बस्तर में 2, दुर्ग में 4, जांजगीर-चांपा में 1, कोंडागांव में 1, कोरबा में 3, महासमुंद में 2, मुंगेली में 1, रायपुर में 19, राजनांदगांव में 2 और सरगुजा में 1 नया मरीज मिला है। इसके अलावा अन्य राज्यों से 5 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं।

अब तक स्वाइन फ्लू से किसी भी मरीज की मौत दर्ज नहीं की गई है।दुर्ग जिले के महामारी नियंत्रण अधिकारी डॉ. सी.बी.एस. बंजारे ने हिदायत दी है कि छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं में एच1एन 1 संक्रमण का खतरा अधिक होता है, इसलिए इन लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। सभी अस्पतालों को निर्देश दिए गए हैं कि जैसे ही कोई पॉजिटिव मरीज मिले, तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचित करें और मरीज को आइसोलेट कर इलाज शुरू करें। लोग भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क पहनें और स्वच्छता का ध्यान रखें।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Share this story