विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में विद्युत विभाग की अहम भूमिका : उपमुख्यमंत्री अरुण साव

WhatsApp Channel Join Now
विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में विद्युत विभाग की अहम भूमिका : उपमुख्यमंत्री अरुण साव


-25 वर्षो में शत प्रतिशत विद्युतीकरण की ओर बढ़ा छत्तीसगढ़

बिलासपुर 05 फ़रवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरूण साव आज गुरुवार काे छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा सिम्स ऑडिटोरियम में आयोजित छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के बाद से छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने बीते 25 वर्षों में राज्य के विद्युत क्षेत्र में निरंतर प्रगति करते हुए जनजीवन को सुविधा, सुरक्षा और विकास से जोड़ा है। विद्युत आपूर्ति के विस्तार और सुदृढ़ीकरण से ग्रामीण से शहरी क्षेत्रों तक जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। इन्हीं उपलब्धियों को रेखांकित करने विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ रजत जयंती महोत्सव का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि विद्युत विभाग के ये 25 वर्ष केवल समय की गणना नहीं, बल्कि उपलब्धियों से भरा हुआ वह कालखंड है जिसने इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि यह अवसर उन उपभोक्ताओं को सम्मानित करने का है, जिनके सहयोग और विश्वास से विद्युत विभाग निरंतर प्रगति कर रहा है। उपमुख्यमंत्री साव ने सभी उपभोक्ताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2000 में 17 हजार 108 गांव में विद्युतीकृत थे वहीं अब 19 हजार 609 गांव अर्थात शत प्रतिशत गांव में बिजली पहुंच गई है। बिजली उपभोक्ताओं की संख्या 18 लाख से बढ़कर 66 लाख हो गई है। अति उच्चदाब केंद्रों की संख्या 26 से बढ़कर 137 हो गई है। 33/11 केव्ही विद्युत उपकेंद्रों की संख्या 248 से बढ़कर 1478 हो गयी है जो विद्युत के क्षेत्र में निरंतर प्रगति को दर्शाता है।

उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा अलग छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण इसलिए किया गया ताकि यहां के संसाधनों का उपयोग यहीं के लोगों के विकास के लिए हो सके। विद्युत क्षेत्र में आए सकारात्मक बदलाव इसका प्रत्यक्ष उदाहरण हैं। एक समय था जब एक विद्युत कनेक्शन भी बड़ी उपलब्धि माना जाता था, जबकि आज बिजली के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है।

कार्यक्रम में विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के बाद विद्युत मंडल के पृथक होने से बिजली के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन आया है। उन्होंने बताया कि आज बिजली हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है। कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में विद्युत क्षेत्र में मजबूत ढांचा खड़ा किया गया, जिसके परिणामस्वरूप कृषि पंपों की संख्या 73 हजार से बढ़कर 8 लाख 28 हजार हो गई है। एकल बती कनेक्शन धारकों की संख्या 6 लाख से बढ़कर 15 लाख हो गई है।

कार्यक्रम में विधायकगण सर्व सुशांत शुक्ला एवं दिलीप लहरिया, नगर निगम के सभापति राजेश सिंह, कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे सहित विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्युत विभाग के उत्कृष्ट उपभोक्ताओं को सम्मानित किया गया। 13 वर्षीय कनक साहू की मीठी आवाज में वंदे मातरम गायन ने सभी को भाव विभोर कर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Share this story