छत्तीसगढ़ के करगी रोड स्टेशन पर हुए मालगाड़ी डिरेलमेंट मामले में रेलवे सुरक्षा बल ने 10 आरोपितों को किया गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ के करगी रोड स्टेशन पर हुए मालगाड़ी डिरेलमेंट मामले में रेलवे सुरक्षा बल ने 10 आरोपितों को किया गिरफ्तार


बिलासपुर/रायपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेल मंडल के करगी रोड स्टेशन पर 13 जुलाई 2026 को हुए मालगाड़ी डिरेलमेंट मामले में रेलवे सुरक्षा बल ने 10 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। 13 जुलाई की रात और 14 जुलाई की सुबह के बीच इन सभी आरोपितों को हिरासत में ले लिया।

रेलवे सुरक्षा बल बिलासपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार इंदौर तक के रेलवे स्टेशनों की सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से 10 आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। फिलहाल मुख्य आरोपित निजी ठेकेदार पवन नायक फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

यह हादसा 13 जुलाई 2026 की दोपहर लगभग 2:20 बजे करगी रोड रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर हुआ था। करगी रोड रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 स्थित लाइन नंबर-3 पर मालगाड़ी के कई डिब्बे पटरी से उत्तर गए थे। राहत की बात रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। मौके पर पहुंची रेलवे अधिकारियों को डिब्बों के नीचे जेसीबी मशीन का बकेट फंसा हुआ मिला था।

रेलवे की जांच में यह सामने आया कि जेसीबी बकेट को प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर उतारने के बाद 5-6 मजदूर उसे प्लेटफॉर्म नंबर-1 की ओर ले जा रहे थे। इस दौरान मालगाड़ी आती देख मजदूर भारी बकेट को ट्रैक पर छोड़कर भाग गए, जिससे मालगाड़ी के तीन वैगन पटरी से उतर गए।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कमलेश टेकाम उर्फ मुन्ना (25वर्ष ), नरहर सिंह उर्फ पिंटू (35वर्ष ), देवा सिंह (38वर्ष ), बुद्धू सिंह (49वर्ष ), छत्रपति मरावी (32वर्ष ), लोकेश मांडवी (19वर्ष ), अनुराग मरावी (31वर्ष ), अभिषेक यादव (21वर्ष ), जेसीबी बकेट मंगवाने वाला मोहम्मद शमीर (24वर्ष ) और कोच अटेंडेंट अमित यादव (23वर्ष ) शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Share this story