कोरिया जिले में पिकअप और ऑटो के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में 3 महिलाओं की मौत

WhatsApp Channel Join Now
कोरिया जिले में पिकअप और ऑटो के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में 3 महिलाओं की मौत


कोरिया, 03 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में बीती देर रात दर्दनाक सड़क हादसा में 3 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 6 महिलाएं घायल हो गईं।

पटना थाना पुलिस द्वारा शुरुआती जांच के बाद जारी आधिकारिक जानकारी और बयान के अनुसार यह सड़क हादसा बीती देर रात हुआ। पुलिस के अनुसार, बैकुंठपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने पहले सड़क पर जा रहे एक बैल को टक्कर मारी। इसके बाद पिकअप अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे ऑटो-रिक्शा से सीधे जा भिड़ी। पटना थाना क्षेत्र के ग्राम सांवारावा में पिकअप और ऑटो के बीच हुई इस जोरदार भिड़ंत में 3 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 6 महिलाएं घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने बताया है कि ऑटो में करीब 15 लोग सवार थे। सभी बिलारो गांव में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होकर अपने गांव करहीपारा छिंदिया लौट रहे थे। हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान फुलकुंवर पति महेंद्र सिंह (50 वर्ष), रामबाई पति रामकुमार (60 वर्ष) और फुलकुंवर पति जगजीवन (60 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों महिलाएं करहीपारा छिंदिया की निवासी थीं।

घटना के बाद घायलों को पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। वहीं, छह घायल महिलाओं का उपचार जारी है।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद आरोपी पिकअप चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार चालक की शिनाख्त करने और उसे पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी व तलाश कर रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Share this story