पीएम स्वनिधि योजना : छत्तीसगढ़ को मिलेंगे चार राष्ट्रीय पुरस्कार, बिलासपुर सहित तीन नगरीय निकाय चयनित

WhatsApp Channel Join Now
पीएम स्वनिधि योजना : छत्तीसगढ़ को मिलेंगे चार राष्ट्रीय पुरस्कार, बिलासपुर सहित तीन नगरीय निकाय चयनित


20 नवंबर को नई दिल्ली में होगा सम्मान समारोह

रायपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ को चार राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए छत्तीसगढ़ राज्य के साथ तीन नगरीय निकायों बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा का चयन किया है। नई दिल्ली में 20 नवंबर को आयोजित 'स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026' समारोह में इन्हें सम्मानित किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए तीनों नगरीय निकायों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ को चार राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना गौरव और प्रसन्नता का विषय है। राज्य के साथ बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा का राष्ट्रीय स्तर पर चयन नगरीय निकायों के बेहतर कार्यों तथा पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

श्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इस महत्वाकांक्षी योजना से छोटे व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं। यह सम्मान नगरीय निकायों को पथ विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए और अधिक प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बताया कि केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने पत्र के माध्यम से राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन की जानकारी दी है। भारत सरकार ने राज्य शासन और संबंधित नगरीय निकायों के दस सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को सम्मान समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।

उन्होंने बताया कि 20 नवंबर को नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में 'स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026' का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य के साथ बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा नगरीय निकायों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778329 Articles

Share this story