राज्योत्सव में राजस्व विभाग की डिजिटल सेवाओं ने खींचा लोगों का ध्यान

WhatsApp Channel Join Now
राज्योत्सव में राजस्व विभाग की डिजिटल सेवाओं ने खींचा लोगों का ध्यान


ऑटो म्यूटेशन, जियो रेफरेंसिंग और ऑनलाइन राजस्व सुविधाओं की जानकारी लेकर ग्रामीणों ने जताई खुशी

रायपुर, 2 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर नवा रायपुर में आयोजित प्रदर्शनी में राजस्व विभाग का स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिक राजस्व विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही डिजिटल एवं ऑनलाइन सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।

प्रदर्शनी में जियो रेफरेंसिंग, ऑटो म्यूटेशन, ऑनलाइन नामांतरण, बंटवारा और राजस्व अभिलेखों के डिजिटलीकरण जैसी सुविधाओं को प्रदर्शित किया गया है। इन सुविधाओं के प्रति लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि राजस्व विभाग की ऑनलाइन सेवाओं से अब सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने की परेशानी कम हो रही है। इससे समय और धन दोनों की बचत के साथ आम नागरिकों को राहत मिल रही है।

राज्योत्सव में पहुंचे बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सिमगा विकासखंड अंतर्गत ग्राम सकलोर निवासी दिलीप वर्मा और वेदराम वर्मा सहित अन्य ग्रामीणों ने राजस्व विभाग की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने ऑनलाइन सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि पहले छोटे-छोटे राजस्व संबंधी कार्यों के लिए तहसील और अन्य कार्यालयों के कई चक्कर लगाने पड़ते थे। इससे समय और धन दोनों खर्च होते थे। अब ऑनलाइन सुविधाओं के विस्तार से प्रक्रियाएं आसान हो रही हैं और लोगों को घर बैठे राजस्व संबंधी जानकारी प्राप्त करने की सुविधा मिल रही है। ग्रामीणों ने इन जनहितकारी सुधारों के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।

इसी जिले के ग्राम पठारीडीह से आए महेंद्र साहू, राजाराम, अश्वनी और तिलक सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया पहले की अपेक्षा अधिक सुविधाजनक हुई है। अविवादित नामांतरण और बंटवारा जैसे कार्यों में लगने वाले समय में कमी आने से किसानों और आम नागरिकों को राहत मिल रही है। राजस्व अभिलेखों के ऑनलाइन उपलब्ध होने से जरूरत पड़ने पर कहीं से भी रिकॉर्ड प्राप्त करना आसान हो रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही इन सुविधाओं से आम लोगों की परेशानियां कम हो रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री को धन्यवाद देते हुए इन प्रयासों को ग्रामीणों के लिए उपयोगी बताया।

रायपुर जिले के ग्राम बुड़गहन से पहुंचे मनोज, सालिक और जितेंद्र ने राजस्व विभाग में किए जा रहे सुधारों को जनहितकारी बताया। उन्होंने कहा कि डिजिटल व्यवस्था से राजस्व संबंधी कार्यों में पारदर्शिता बढ़ रही है और आम नागरिकों को सुविधाएं मिल रही हैं। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों और जरूरतमंद परिवारों के लिए ऑनलाइन सेवाएं उपयोगी साबित हो रही हैं।

इसी तरह जांजगीर जिले से आए जीवन लाल, ओंकार और ललित सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रदर्शनी में उपलब्ध कराई गई जानकारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग द्वारा अपनाई जा रही आधुनिक तकनीक से जमीन संबंधी अभिलेखों की जानकारी प्राप्त करना सरल हो रहा है। इससे आम लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना कम करना पड़ेगा। ग्रामीणों ने राजस्व सेवाओं को सरल और सुलभ बनाने के प्रयासों के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

राजस्व विभाग की प्रदर्शनी में जियो रेफरेंसिंग जैसी आधुनिक तकनीक के माध्यम से भूमि अभिलेखों के बेहतर प्रबंधन तथा ऑटो म्यूटेशन जैसी सुविधाओं से नामांतरण प्रक्रिया को सरल बनाने की जानकारी दी जा रही है। इन नवाचारों से राजस्व प्रशासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक केंद्रित बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771357 Articles

Share this story