छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश का ऑरेंज व येलो अलर्ट जारी

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश का ऑरेंज व येलो अलर्ट जारी


छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश का ऑरेंज व येलो अलर्ट जारी


रायपुर, 15 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों के भीतर मानसून के प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अंधड़, आकाशीय बिजली और गरज-चमक के साथ बारिश का ऑरेंज व येलो अलर्ट जारी किया है

मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, अगले 24 घंटों में रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर, सरगुजा, जांजगीर-चांपा, कोरबा और रायगढ़ जिलों में मौसम का सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा । विभाग ने इन क्षेत्रों के लिए 'ऑरेंज' और 'येलो' अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम वैज्ञानिकों ने आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने की भी आशंका जताई है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान सुरक्षित इमारतों में शरण लें। तेज हवाओं के चलते पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर होर्डिंग्स से दूर रहने की हिदायत दी गई है।

रायपुर के अमानका और आसपास के इलाकों में सुबह से ही आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं। दोपहर बाद यहां धूलभरी आंधी के साथ हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने के आसार हैं । रायपुर में 40-50 किमी की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है।

बारिश की गतिविधियां बढ़ने के कारण उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखने को मिली है।प्रदेश में सबसे अधिक गर्मी राजनांदगांव में दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में बारिश की एक्टिविटी बढ़ सकती हैं।दक्षिण-पश्चिम मानसून के दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में बारिश के लिए परिस्थितियां भी अनुकूल बनी हुई हैं।

रायपुर शहर में अगले 24 घंटे बादल छाए रहने की संभावना है, कहीं-कहीं बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं।

पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के दक्षिणी और मध्य हिस्से के कुछ जिलों में बादल गरजने और बिजली गिरने के साथ तेज हवाएं चलीं।हल्की से मध्यम बारिश भी हुई।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Share this story