छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट


रायपुर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में आज लो प्रेशर एरिया और साइक्लोनिक सर्क्युलेशन के कारण मौसम में बदलाव हो रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के छत्तीसगढ़ के कई स्थानों पर गरज -चमक के साथ बारिश हो सकती है।

विभागीय जानकारी के अनुसार प्रदेश में दो दिन के बाद रात में फिर ठंड बढ़ सकती है। प्रदेश में खैरागढ़ समेत अन्य कई इलाकों में बुंदाबांदी हो रही है, जिससे बढ़ती गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिली है।राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई भागों में बादल छाये हुए हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, 23 फरवरी को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर अति हल्की वर्षा होने की संभावना है, जबकि वर्षा का मुख्य असर बस्तर संभाग के जिलों में रहने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने 23 फरवरी के लिए एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना जताई है। अगले दो दिनों में भी कहीं-कहीं अति हल्की बारिश की स्थिति बन सकती है। व्यापक बारिश के संकेत फिलहाल नहीं हैं।

आज राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वर्तमान में शहर का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 2.5 डिग्री अधिक है।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि एक चिन्हित निम्न दाब का क्षेत्र दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके लगातार पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और उसके बाद यह मुड़कर उत्तर पूर्व दिशा में आगे बढ़ते हुए दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी के तरफ अगले 48 घंटे में जाने की संभावना है।एक द्रोणिका, दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी में स्थत चिन्हित निम्न दाब के क्षेत्र से दक्षिण मध्य महाराष्ट्र तक, 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।

उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश में 23 फरवरी को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः बस्तर संभाग के जिले संभावित है।प्रदेश में न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि होने के साथ कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।24 फरवरी से प्रदेश में न्यूनतम तापमान में अगले दो दिनों तक गिरावट होने का दौर शुरू हो सकता है। न्यूनतम तापमान में गिरावट 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक हो सकती है।

रविवार को पूरे छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क रहा। सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 35 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Share this story