रायगढ़ इस्पात संयंत्र में फर्नेस ब्लास्ट ,4 मजदूर घायल

WhatsApp Channel Join Now
रायगढ़ इस्पात संयंत्र में फर्नेस ब्लास्ट ,4 मजदूर घायल


रायगढ़/रायपुर, 24 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पूंजी पथरा स्थित रायगढ़ इस्पात संयंत्र में बुधवार दोपहर हुए फर्नेस ब्लास्ट की चपेट में आने से करीब 4 मजदूर घायल हो गए हैं। सभी घायलों को तत्काल अपेक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पूंजीपथरा थाना प्रभारी रामकिंकर यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि रायगढ़ इस्पात में फर्नेस ब्लास्ट की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। इस हादसे में कुल 4 श्रमिक घायल हुए हैं, जिनकी उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच है। सभी घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। फैक्ट्री प्रबंधन ने घोषणा की है कि अपेक्स अस्पताल में भर्ती घायल मजदूरों के इलाज का संपूर्ण खर्च कंपनी उठाएगी। नियमों के तहत इलाज की अवधि के दौरान घायल श्रमिकों का मासिक वेतन नहीं काटा जाएगा।

मामले की जानकारी मिलते ही पूंजीपथरा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस और औद्योगिक सुरक्षा विभाग की टीम इस बात की जांच कर रही है कि क्या प्लांट के भीतर अनिवार्य सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या फिर यह प्रबंधन की लापरवाही का नतीजा है। औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के सहायक संचालक राहुल पटेल के मुताबिक, हादसे की खबर मिलते ही विभाग की एक विशेष तकनीकी टीम जांच के लिए तुरंत प्लांट रवाना हो गई है।

प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया गया है कि, फर्निश में अधिक नमी जमा हो जाने के कारण ब्लास्ट होने की आशंका जताई जा रही है। घायलों में अमरेश कुमार, फिरोज आलम खान और रामनाथ सूर्यवंशी (जांजगीर-चांपा) शामिल हैं, जबकि एक अन्य घायल की पहचान अभी नहीं हो सकी है। सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है।

रायगढ़ इस्पात के जीएम सुनील पांडा ने कहा कि बरसात के समय में फर्नेस में रॉ मैटेरियल के कारण नमी आ जाता है। नमी आने की वजह से जब फर्नेस हिट होता है तो कभी-कभी उसमें गैस का फॉर्मेशन हो जाता है। गैस ऊपर निकलने के कारण धुआं काफी फैल गया और आसपास मौजूद मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान ऊपर कार्य कर रहे कुछ मजदूरों ने घबराहट में इधर-उधर छलांग लगा दी, जिसकी वजह से उन्हें चोटें आई हैं। उन्होंने ब्लास्ट होने की बात से इनकार किया है। उन्होंने बताया कि इस घटना में करीब चार लोग घायल हुए हैं।

घटना के बाद उद्योग प्रबंधन के अधिकारी अपेक्स अस्पताल में मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Share this story