छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक फेरबदल :  पुष्पा साहू बनीं माध्यमिक शिक्षा मंडल की सचिव,  रोक्तिमा यादव को कोरिया कलेक्टर

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक फेरबदल :  पुष्पा साहू बनीं माध्यमिक शिक्षा मंडल की सचिव,  रोक्तिमा यादव को कोरिया कलेक्टर


रायपुर 08 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के कार्यभार में फेरबदल करते हुए नई नियुक्तियां जारी की हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा आज शुक्रवार काे जारी इस आदेश के तहत शिक्षा और जिलास्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। वर्ष 2012 बैच की आईएएस अधिकारी पुष्पा साहू को सचिव, माध्यमिक शिक्षा मण्डल के पद पर नियुक्त किया गया है।

उल्लेखनीय है कि 6 मई 2026 को जारी आदेश के तहत पुष्पा साहू को कलेक्टर जिला-कोरिया पदस्थ किया गया था, जिसमें आंशिक संशोधन करते हुए सचिव, माध्यमिक शिक्षा मण्डल के पद पर पदस्थ किया गया है।

वर्ष 2016 बैच की आईएएस अधिकारी रोक्तिमा यादव को जिला-कोरिया का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वे आगामी आदेश तक अस्थाई रूप से इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगी। 6 मई 2026 को जारी आदेश के तहत रोक्तिमा यादव, द्वारा आयुक्त, उच्च शिक्षा के पद पर पदस्थ किया गया था, जिसमें आंशिक संशोधित करते हुए कलेक्टर जिला-कोरिया पदस्थ किया गया है।

वर्ष 2019 बैच की आईएएस अधिकारी रीता यादव को आयुक्त, उच्च शिक्षा के पद पर पदस्थ किया गया है। इसके साथ ही उन्हें प्रबंध संचालक, राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (आरयूएसए) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। उनके पदभार संभालते ही इस पद को वरिष्ठ वेतनमान के संवर्गीय पद के समकक्ष माना जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Share this story