सीजी पीएससी - 2025 लिखित परीक्षा में चयनित 608 अभ्यर्थियों के इंटरव्यू 21 सितंबर से एक अक्टूबर तक

WhatsApp Channel Join Now
सीजी पीएससी - 2025 लिखित परीक्षा में चयनित 608 अभ्यर्थियों के इंटरव्यू 21 सितंबर से एक अक्टूबर तक


रायपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग(सीजी पीएससी) ने राज्य सेवा परीक्षा-2025 का साक्षात्कार कार्यक्रम जारी कर दिया है, जिसके तहत चयनित अभ्यर्थियों के इंटरव्यू 21 सितंबर से शुरू होकर एक अक्टूबर तक आयोजित किए जाएंगे।

सीजी पीएससी (राज्य सेवा परीक्षा-2025) के जरिए प्रदेश के विभिन्न विभागों में कुल 265 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इन पदों के लिए आयोजित मुख्य परीक्षा के बाद अब 608 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए चुना गया है।

अधिकारियों ने बताया है कि साक्षात्कार प्रक्रिया के दौरान बोर्ड के सदस्यों को अभ्यर्थियों का नाम और उनकी व्यक्तिगत पहचान से जुड़ी जानकारी उपलब्ध नहीं कराई जाएगी। प्रत्येक उम्मीदवार को एक निर्धारित क्रमांक दिया जाएगा और साक्षात्कारकर्ता इसी क्रमांक के आधार पर उनका मूल्यांकन करेंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि इंटरव्यू में उम्मीदवारों का आकलन केवल उनके ज्ञान, व्यक्तित्व और उत्तरों के आधार पर किया जाए।

राज्य सेवा परीक्षा-2025 के लिए साक्षात्कार 21 सितंबर से शुरू होंगे। इंटरव्यू प्रक्रिया एक अक्टूबर तक चलने की संभावना है। साक्षात्कार कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन इंटरव्यू की निर्धारित तिथि से एक दिन पहले किया जाएगा। दस्तावेज सत्यापन दो पालियों में आयोजित होगा। पहली पाली का समय सुबह 9:30 बजे निर्धारित किया गया है, जबकि दूसरी पाली में दस्तावेजों का सत्यापन दोपहर 1:30 बजे से किया जाएगा।

आयोग के सूत्रों के अनुसार साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य सेवा परीक्षा-2025 का अंतिम परिणाम अक्टूबर में जारी किया जायेगा है। अंतिम परिणाम जारी होने के बाद चयनित उम्मीदवारों को विभिन्न विभागों के पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया के लिए आगे बढ़ाया जाएगा।

सीजी पीएससी राज्य सेवा परीक्षा-2025 के माध्यम से राज्य के करीब 20 विभागों में विभिन्न श्रेणियों के कुल 265 पद भरे जाएंगे। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत प्रारंभिक परीक्षा आयोजित होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों ने मुख्य परीक्षा में भाग लिया। मुख्य परीक्षा के बाद आयोग ने साक्षात्कार के लिए 608 उम्मीदवारों का चयन किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Share this story