छत्तीसगढ़ में डाक विभाग के चार नए संभाग और पांच उपसंभाग बनेंगे

WhatsApp Channel Join Now

रायपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में डाक विभाग की सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए केंद्रीय संचार मंत्रालय के डाक विभाग ने छत्तीसगढ़ परिमंडल का पुनर्गठन किया है। केंद्र सरकार ने प्रदेश में 4 नए संभाग और 5 उप संभाग गठित करने का फैसला लिया है।नए कार्यालय एक नवंबर से काम करना शुरू कर देंगे।

छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल के प्रशासनिक पुनर्गठन का आधिकारिक आदेश भारत सरकार के संचार मंत्रालय (डाक विभाग, स्थापना प्रभाग) द्वारा 12 अक्टूबर 2026 को जारी किया गया है। इस आदेश के तहत ही राज्य में प्रशासनिक दक्षता और बेहतर सेवाओं के लिए इन नए संभागों और उपसंभागों के गठन को मंजूरी दी गई है। महानिदेशालय ने छत्तीसगढ़ के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल को नए कार्यालयों के संचालन की तैयारी समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।स्टाफ का विभाजन, तबादले और जरूरी उपकरणों का बंटवारा 30 अक्टूबर 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

डाक विभाग के उप महानिदेशक स्थापना दुष्यंत मुगल की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। पुनर्गठन के बाद जिलों को उनके नजदीकी नए प्रशासनिक केंद्रों से जोड़ा गया है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में डाक सेवाएं सुचारू हो सकें।

दंतेवाड़ा संभाग बस्तर और कांकेर प्रभाग के पुनर्गठन से बना है, जो मुख्य रूप से दक्षिण बस्तर के अंदरूनी इलाकों को कवर करेगा। इसके तहत केशकाल, अंतागढ़, मद्देड़ और दोरनापाल जैसे नए उपसंभाग प्रशासनिक रूप से जुड़े रहेंगे। गरियाबंद संभाग को रायपुर संभाग से अलग कर बनाया गया है, जिसके तहत नवगठित राजिम उपसंभाग भी क्रियान्वित होगा। बिलासपुर संभाग के भारी प्रशासनिक बोझ को कम करने के लिए कोरबा संभाग का गठन किया गया है। सरगुजा और रायगढ़ संभागों की सीमाओं का पुनर्गठन कर कोरिया - एमसीबी (मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर) संभाग को तैयार किया गया है।

जब तक नियमित स्टाफ का स्थानांतरण और पदों का पूर्ण पुनर्नियोजन नहीं हो जाता, तब तक नवगठित संभागों और उपसंभागों के प्रशासनिक कार्यों को संचालित करने के लिए स्थानीय व्यवस्था या अतिरिक्त प्रभार सौंपकर इन्हें 1 नवंबर 2026 से चालू किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761074 Articles

Share this story