छत्तीसगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी, वाड्रफनगर में 25 को कारण बताओ नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी, वाड्रफनगर में 25 को कारण बताओ नोटिस


छत्तीसगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी, वाड्रफनगर में 25 को कारण बताओ नोटिस


बलरामपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है। इस बीच बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर में 25 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय की ओर से 15 अक्टूबर को जारी नोटिस में धान खरीद का काम प्रभावित होने का हवाला देते हुए संबंधित पटवारियों से 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है।

बीते देर शाम जारी नोटिस में कहा गया है कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीद का काम जारी है। पटवारियों के 13 अक्टूबर से हड़ताल पर जाने के कारण यह काम प्रभावित हो रहा है। नोटिस में इसे शासकीय कार्य के प्रति लापरवाही बताते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3(1) के उल्लंघन का उल्लेख किया गया है। संबंधित पटवारियों को निर्धारित समय के भीतर अपना पक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।

इधर, राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ अपनी मांगों को लेकर प्रदेशभर में अनिश्चितकालीन हड़ताल कर रहा है। संघ की ओर से जारी बैनर में फसल भौतिक सत्यापन (पीवी) एप की व्यावहारिक समस्याओं का समाधान किए बिना दबावपूर्वक काम कराने का विरोध किया गया है। इसके साथ ही वेतन विसंगति दूर करने और लंबित पदोन्नति संबंधी मांगों पर विचार करने की मांग भी उठाई गई है।

पटवारी संघ की हड़ताल 13 अक्टूबर से जारी है। ऐसे में प्रशासन के सामने धान खरीद से जुड़े कार्यों को सुचारु बनाए रखने की चुनौती है। वहीं, वाड्रफनगर में नोटिस जारी होने के बाद अब संबंधित पटवारियों को निर्धारित समय के भीतर अपना जवाब देना होगा। इसके बाद प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761806 Articles

Share this story