रायपुर के मेकाहारा अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में लगी आग, मरीज सुरक्षित

WhatsApp Channel Join Now
रायपुर के मेकाहारा अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में लगी आग, मरीज सुरक्षित


रायपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति अस्पताल (मेकाहारा) के मेडिसिन विभाग के इमरजेंसी वार्ड में मंगलवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और इस हादसे में कोई भी हताहत नहीं हुआ है। एहतियात के तौर पर इमरजेंसी वार्ड में भर्ती सभी मरीजों को तुरंत अस्पताल के आईसीयू और अन्य सुरक्षित विभागों में शिफ्ट कर दिया गया है।

घटनाक्रम के अनुसार दोपहर में मेडिसिन विभाग के इमरजेंसी हिस्से में लगे एसी से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग फैल गई। देखते ही देखते पूरे वार्ड और आसपास के गलियारों में घना धुआं भर गया, जिससे वहां मौजूद मरीजों और तीमारदारों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मोदहापारा थाना पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

अस्पताल की पीआरओ शुभ्रा सिंह ठाकुर द्वारा दिए गए आधिकारिक बयान के अनुसार, अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में मंगलवार दोपहर लगभग 12:00 से 12:15 बजे के बीच लोगों ने सबसे पहले धुआं उठते हुए देखा। धुआं दिखने के तुरंत बाद इसकी सूचना अस्पताल प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय पुलिस को दी गई।राहत की बात यह है कि इस पूरी घटना में किसी के भी हताहत होने या घायल होने की कोई खबर नहीं है। डॉक्टरों और स्टाफ ने मिलकर सभी मरीजों को सुरक्षित शिफ्ट कर लिया था। शुरुआती तौर पर आग लगने की स्पष्ट वजह की पुष्टि नहीं हो पाई है।

प्रबंधन ने आशंका जताई है कि वार्ड में एसी फटने या फिर शॉर्ट सर्किट होने की वजह से यह हादसा हुआ होगा। अस्पताल प्रशासन और स्थानीय पुलिस की टीमें पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही हैं, ताकि आग लगने की वास्तविक वजह और नुकसान का सटीक आकलन किया जा सके।

फिलहाल मेकाहारा अस्पताल में स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और भर्ती मरीजों का वैकल्पिक वार्डों में इलाज जारी है। पुलिस और दमकल विभाग की संयुक्त टीम मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। तकनीकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के सटीक कारणों और जिम्मेदारियों का निर्धारण हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Share this story